मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल हाईवे पर भीषण बस हादसा, पांच की मौत, 35 यात्री घायल

Raisen Bus Accident: मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सेहतगंज फैक्ट्री के समीप पेट्रोल पंप के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर में एक मासूम सहित पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 35 से अधिक यात्री घायल हो गए.

Horrific bus accident on Raisen-Bhopal highway in Madhya Pradesh five dead 35 passengers injured
Image Source: Social Media

Raisen Bus Accident: मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सेहतगंज फैक्ट्री के समीप पेट्रोल पंप के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर में एक मासूम सहित पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 35 से अधिक यात्री घायल हो गए. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

आमने-सामने भिड़ीं दो यात्री बसें

जानकारी के अनुसार, सागर से भोपाल की ओर जा रही शक्ति ट्रैवल्स की बस और भोपाल से सागर लौट रही कल्पना ट्रैवल्स की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गईं. बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे. सिंगल लेन सड़क पर ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान नियंत्रण बिगड़ने से दोनों बसें सीधे एक-दूसरे से टकरा गईं.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. खिड़कियों के पास बैठे यात्रियों को सबसे अधिक चोटें आईं. हादसे में एक बच्चे समेत पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और पेट्रोल पंप के कर्मचारी घटनास्थल की ओर दौड़े. लोगों ने बसों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया.

सूचना मिलते ही गैरतगंज थाना पुलिस, डायल-100 और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर बचाव अभियान की निगरानी की.

गंभीर घायलों को भोपाल रेफर

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गैरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. इनमें से 12 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल भेजा गया है. मेडिकल टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है.

डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा यातायात

दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. क्षतिग्रस्त बसों के कारण करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा. बाद में क्रेन की मदद से दोनों बसों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.

प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, सिंगल लेन सड़क पर भारी यातायात के बीच दोनों बसें निर्धारित सीमा से अधिक गति से चल रही थीं.

हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं. रायसेन से गैरतगंज के बीच लगभग 40 किलोमीटर का हिस्सा अभी भी सिंगल लेन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसें और भारी वाहन गुजरते हैं.

पिछले एक वर्ष में इसी मार्ग पर कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है. स्थानीय नागरिक लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं.

प्रशासन ने की सहायता राशि की घोषणा

हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 50-50 हजार रुपये की मदद प्रदान की जाएगी.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही परिवहन विभाग ने बस संचालकों को नोटिस जारी कर वाहनों में स्पीड गवर्नर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच के निर्देश दिए हैं. हाईवे पर निगरानी बढ़ाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने की भी तैयारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें- महंगाई बढ़ेगी, विकास दर घटेगी... वैश्विक तनाव का भारत पर क्या होगा असर? RBI गवर्नर ने दिए बड़े संकेत