PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद किया. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस के मौके पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा ताकत, जल संरक्षण, पर्यावरण और देशभर की प्रेरणादायक कहानियों का जिक्र किया.
हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाला ‘मन की बात’ कार्यक्रम अब देश के करोड़ों लोगों तक पहुंच चुका है. यह कार्यक्रम सिर्फ सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज, संस्कृति, शिक्षा, पर्यावरण और देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों की उपलब्धियों को भी जगह मिलती है.
कारगिल शहीदों को पीएम मोदी ने किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों को याद करते हुए कहा कि कुछ तारीखें ऐसी होती हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता. 26 जुलाई भी ऐसी ही एक तारीख है.
उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के साहस, बलिदान और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है. कारगिल युद्ध में जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी अदम्य साहस दिखाकर देश का गौरव बढ़ाया.
भारत की बढ़ती रक्षा ताकत का किया जिक्र
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने भारत की रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता पर भी बात की. उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना में शामिल किया गया INS महेंद्रगिरि पूरी तरह भारत में डिजाइन और तैयार किया गया है. इसमें बड़ी मात्रा में स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल हुआ है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में DRDO ने पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण किया है. इसके अलावा नई मिसाइल तकनीक के क्षेत्र में भी भारत लगातार आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय देश के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और रक्षा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को दिया.
रक्षा उत्पादन और निर्यात में भारत आगे बढ़ रहा है पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब रक्षा उत्पादन और रक्षा निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है.
उन्होंने बताया कि भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक और उपकरणों पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा है. मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग भी मजबूत हो रहा है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत और देश की बदलती पहचान को दिखाता है.
जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पानी बचाने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि बारिश के पानी को बचाने, भूजल बढ़ाने और पुराने जल स्रोतों को फिर से जीवित करने के लिए देशभर में अभियान चलाए जा रहे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि गांवों, शहरों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से जल संरक्षण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के किसी तालाब, कुएं या पुराने जल स्रोत की देखभाल की जिम्मेदारी लें, क्योंकि पानी आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी जरूरत है.
कश्मीर की वागु चटाई और छात्रों की उपलब्धियों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कश्मीर की पारंपरिक ‘वागु’ चटाई का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि यह पुरानी हस्तकला आज भी वहां के लोगों के हुनर और परंपरा को दिखाती है.
उन्होंने देश के छात्रों की उपलब्धियों की भी तारीफ की. पीएम मोदी ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में भारतीय छात्र लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय विज्ञान प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
हर्बल चाय और पर्यावरण संरक्षण पर बोले पीएम
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही हर्बल चाय का जिक्र किया.
उन्होंने बताया कि इसमें लेमनग्रास, गिलोय, तुलसी, मुलेठी, हल्दी और अन्य प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. उन्होंने कहा कि ऐसी पहल स्थानीय लोगों को रोजगार देने के साथ-साथ पारंपरिक ज्ञान को भी आगे बढ़ाती है.
पर्यावरण पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पेड़ सिर्फ इंसानों के लिए नहीं, बल्कि कई जीव-जंतुओं के घर भी होते हैं.
उन्होंने गुजरात के गिर जंगलों में लंबे समय बाद इंडियन ग्रे हॉर्नबिल की वापसी को जैव विविधता संरक्षण के लिए अच्छी खबर बताया.
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को किया याद
प्रधानमंत्री ने त्रिपुरा के पारंपरिक संगीत को आगे बढ़ाने वाले लोगों की सराहना की. उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और परंपराओं को बचाने में ऐसे लोगों की बड़ी भूमिका है.
इसके साथ ही पीएम मोदी ने भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को भी याद किया.
उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के जीवन में शिक्षा और युवाओं के लिए काम करना सबसे महत्वपूर्ण था. वह हमेशा बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करते थे.
स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशवासियों से अपील
प्रधानमंत्री ने आने वाले स्वतंत्रता दिवस का भी जिक्र किया.
उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों को याद करें. उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, संविधान और गौरव का प्रतीक है.
पीएम मोदी ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है और यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है.
ये भी पढ़ें- Kargil Vijay Diwas: जहां चढ़ना भी था नामुमकिन, वहां सेना ने फहराया तिरंगा... जानिए टाइगर हिल जीत की कहानी