Corona Alert: आंध्र प्रदेश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं. शनिवार को राज्य में 10 नए कोरोना मरीज मिले हैं. इसके बाद राज्य में सक्रिय मामलों (एक्टिव केस) की संख्या बढ़कर 49 हो गई है. बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों में निगरानी और स्वास्थ्य तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं.
किस जिले में कितने नए मामले मिले?
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, शनिवार को मिले 10 नए मामलों में सबसे ज्यादा 3 मरीज गुंटूर से हैं.
इसके अलावा एनटीआर जिले में 2 नए मामले सामने आए हैं. वहीं अल्लूरी सीताराम राजू, एलुरु, कृष्णा, तिरुपति और विशाखापत्तनम में एक-एक नया संक्रमित मिला है.
विभाग ने बताया कि अब तक राज्य में 302 लोगों की कोविड-19 जांच की जा चुकी है.
सबसे ज्यादा मामले किस जिले में?
अब तक सामने आए मामलों में पूर्वी गोदावरी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 11 मरीज मिले हैं.
इसके बाद गुंटूर में 9, वाईएसआर कडप्पा में 8, विशाखापत्तनम में 5 और एनटीआर जिले में 3 मामले दर्ज किए गए हैं.
वहीं काकीनाडा, एलुरु और बापटला में दो-दो मामले सामने आए हैं. बाकी कई जिलों में एक-एक संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है.
कितने मरीज अस्पताल में भर्ती हैं?
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस समय 24 मरीज अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं, जबकि 16 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज ले रहे हैं.
अब तक 5 मरीज पूरी तरह ठीक होकर घर लौट चुके हैं. इनमें वाईएसआर कडप्पा के 3 मरीज, जबकि गुंटूर और एलुरु के 1-1 मरीज शामिल हैं.
अब तक कितनी मौतें हुई हैं?
राज्य में अब तक कोरोना से 4 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें 3 मौतें वाईएसआर कडप्पा जिले में और 1 मौत काकीनाडा जिले में दर्ज की गई है.
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है. जिला स्तर की रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को संक्रमित मरीजों की लगातार निगरानी करने और उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं.
विभाग ने यह भी बताया कि सभी तय लैब में आरटी-पीसीआर जांच किट उपलब्ध हैं. साथ ही अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए अलग बेड, दवाइयां, पीपीई किट, टेस्टिंग किट और दूसरी जरूरी चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त इंतजाम किया गया है.
ये भी पढ़ें- DA Hike: 8वें वेतन आयोग से पहले DA पर बड़ा अपडेट, 3% बढ़ सकता है महंगाई भत्ता! जानें किसे मिलेगा फायदा