भारत के लिए बड़ी सफलता की खबर सामने आई है. लंबे समय से फरार चल रहे ड्रग्स माफिया जसविंदर सिंह उर्फ जैज को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई इंटरपोल की मदद से की गई, जिसमें भारतीय एजेंसियों के इनपुट अहम रहे. जैज के खिलाफ पहले ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था.
बताया जा रहा है कि उसे दुबई में एयरपोर्ट के पास हिरासत में लिया गया. फिलहाल वह वहां की पुलिस की निगरानी में है और उसे कुछ दिनों के भीतर भारत लाने की तैयारी की जा रही है. माना जा रहा है कि भारत लाकर उससे पूछताछ की जाएगी, जिससे बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.
लंबे समय से फरार था जैज
जसविंदर उर्फ जैज को भारत के बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड माना जाता है. वह लंबे समय से इस अवैध नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था और कई बार सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर बच निकलता रहा.
भारतीय एजेंसियां काफी समय से उसकी तलाश में थीं. इसी कारण इंटरपोल की मदद ली गई और उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया, ताकि उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रैक किया जा सके.
CIA कनेक्शन की भी चर्चा
शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि जैज का संबंध अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA से भी हो सकता है. हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसका किसी विदेशी एजेंसी से कोई संबंध था या नहीं.
ब्रिटिश नागरिकता, दुबई में ठिकाना
जसविंदर मूल रूप से पंजाब का रहने वाला बताया जाता है, लेकिन उसके पास ब्रिटिश नागरिकता भी है. पिछले कुछ समय से वह दुबई में रह रहा था.
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने उसे एयरपोर्ट जाते समय रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे तीन दिन की हिरासत में भेजा गया है. इस दौरान भारत लाने की प्रक्रिया भी तेज की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- LPG Supply: होर्मुज के रास्ते भारत आ रहे 3 जहाज, नहीं होगी गैस-पेट्रोल की दिक्कत! युद्धपोत तैनात