Railway Jobs: यदि आप भारतीय रेलवे में नौकरी करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है. भारतीय रेलवे ने आगामी वर्षों में 1 लाख से ज्यादा पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. रेल मंत्रालय ने पुष्टि की है कि 2025-26 और 2026-27 में लगभग 50,000-50,000 उम्मीदवारों को रेलवे में नियुक्ति दी जाएगी.
रेलवे भर्ती का नया रोडमैप
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने हाल के महीनों में भर्ती प्रक्रिया को गति दी है. मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर 2024 से अब तक 7 अलग-अलग भर्ती अधिसूचनाओं के तहत करीब 55,197 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जा चुकी है. इन परीक्षाओं में लगभग 1.86 करोड़ उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया है. इस प्रक्रिया के बाद, 2025-26 में 50,000 से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
2024 में 1.08 लाख पदों की घोषणा
रेलवे ने 2024 में कुल 1,08,324 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी. इनमें से आधे पदों पर नियुक्तियां 2025-26 में की जाएंगी, जबकि बाकी 50,000 से ज्यादा पद 2026-27 में भरे जाएंगे. मंत्रालय के अनुसार, 12 अधिसूचनाएं पहले ही जारी की जा चुकी हैं और आगे भी नई भर्ती अधिसूचनाओं का सिलसिला जारी रहेगा.
9000 से अधिक उम्मीदवारों को मिली नौकरी
रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में ही 9000 से अधिक उम्मीदवारों को नौकरी दी जा चुकी है. यह दर्शाता है कि रेलवे भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है और बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को रोजगार मिलने की संभावना है.
भर्ती प्रक्रिया में समन्वय और पारदर्शिता
रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षाएं भारत की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती हैं. इनमें लाखों उम्मीदवार शामिल होते हैं, जिससे इन परीक्षाओं के आयोजन में कुशल योजना और समन्वय की आवश्यकता होती है. रेल मंत्रालय ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए हर कदम पर काम किया है.
ये भी पढ़ें: भूकंप आने पर कैसे करें अपना बचाव; क्या करें और क्या ना करें? NDRF ने बताई सेफ्टी टिप्स, जानिए सबकुछ