PM Modi Seychelles: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने भारत और सेशेल्स के पुराने और मजबूत रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच भरोसे और दोस्ती का संबंध कई दशकों पुराना है.
पीएम मोदी ने कहा कि सेशेल्स की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि वह भारत के 1.4 अरब लोगों की शुभकामनाएं लेकर सेशेल्स आए हैं.
2015 में पहली बार पहुंचे थे सेशेल्स
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री बनने के बाद हिंद महासागर क्षेत्र में उनका पहला दौरा सेशेल्स का ही था. उनका मानना था कि भारत के हिंद महासागर विजन में सेशेल्स की अहम भूमिका है और आज भी यह भरोसा पहले से ज्यादा मजबूत हो गया है. उन्होंने सेशेल्स की आजादी के 50 साल पूरे होने पर वहां की जनता को बधाई भी दी.
Speaking at the National Assembly of Seychelles.@SeychellesNA
— Narendra Modi (@narendramodi) June 28, 2026
https://t.co/8GcumuqG94
250 साल पुरानी है दोनों देशों की दोस्ती
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स की दोस्ती सिर्फ राजनयिक रिश्तों तक सीमित नहीं है. इसकी शुरुआत करीब 250 साल पहले, साल 1770 में हुई थी, जब एक जहाज के जरिए पांच भारतीय पहली बार सेशेल्स पहुंचे थे.
उन्होंने कहा कि समय के साथ भारतीय समुदाय वहां की पहचान का हिस्सा बन गया. यही वजह है कि दोनों देशों के रिश्ते सिर्फ सरकारों के नहीं, बल्कि लोगों और परिवारों के रिश्ते हैं.
'हिंद महासागर हमें जोड़ता है'
प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता, बल्कि दोनों देशों को जोड़ता है. इसलिए दोनों देश पुराने दोस्तों की तरह एक-दूसरे के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा, आर्थिक विकास और क्षेत्र में स्थिरता दोनों देशों की साझा प्राथमिकता है.
दोस्ती और भरोसा आज भी कायम
पीएम मोदी ने कहा कि जब सेशेल्स आजाद हुआ था, तब भारतीय नौसेना का युद्धपोत INS नीलगिरी वहां मौजूद था. आज 50 साल बाद भी भारतीय नौसेना के जहाज INS तरकश और INS इक्षक सेशेल्स की गोल्डन जुबली समारोह में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि समय जरूर बदला है, लेकिन दोनों देशों के बीच भरोसा और सहयोग पहले की तरह मजबूत बना हुआ है.
दोनों देशों के रिश्ते होंगे और मजबूत
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, सतत विकास और अन्य क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि इस साल फरवरी में दोनों देशों ने भविष्य के सहयोग के लिए एक साझा विजन तैयार किया था. अब उसी रोडमैप के तहत कई क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाया जा रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स मिलकर नए आर्थिक अवसर तलाश रहे हैं, ताकि दोनों देशों के उद्योगों और लोगों को इसका फायदा मिल सके.
ये भी पढ़ें- सेशेल्स ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, मिला 'गार्जियन ऑफ द ब्लू हॉरिजन' अवॉर्ड