भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर बुधवार को पहली बार कश्मीर घाटी पहुंचे. अपने दौरे के दौरान उन्होंने कश्मीर को “बेहद खूबसूरत जगह” बताया और कहा कि यहां आकर उन्हें काफी खुशी हुई. उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर भारत का एक अहम हिस्सा है. सर्जियो गोर ने श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की और दोनों के बीच हुई बातचीत को “बहुत अच्छी” बताया. इस दौरे को 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद किसी मौजूदा अमेरिकी राजदूत की पहली कश्मीर यात्रा के तौर पर देखा जा रहा है.
उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद क्या बोले गोर?
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ बैठक को लेकर सर्जियो गोर ने कहा कि बातचीत “बहुत अच्छी” रही. उन्होंने बताया कि बैठक से जुड़ी जानकारी को आगे की कार्रवाई के लिए वॉशिंगटन और दिल्ली ले जाया जाएगा. यात्रा एडवाइजरी को लेकर उन्होंने कहा- "आखिरी बात जो मैं आपसे साझा करना चाहता हूं, वह यह है कि अमेरिका यात्रा संबंधी चेतावनी जारी करता है, और हम समय-समय पर उन चेतावनियों का पुनर्मूल्यांकन करते हैं. मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा नहीं कर सकता, लेकिन यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे." इस बयान से संकेत मिला है कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी मौजूदा ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा पर विचार कर सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी की तारीफ
जम्मू-कश्मीर की यात्रा के दौरान सर्जियो गोर ने कहा- "हमारा मानना है कि यहां के मुख्यमंत्री और सरकार ने इस इलाके को सुरक्षित रखने और इसे और सुरक्षित बनाने के लिए कुछ बेहतरीन कदम उठाए हैं, इसलिए हम देखेंगे कि क्या अमेरिका द्वारा लगाई गई या सुझाई गई यात्रा चेतावनी को कम किया जा सकता है. जैसा कि मैंने पहले कहा, यह एक खूबसूरत इलाका है. मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहाँ आकर यहाँ की खूबसूरती और मौकों का आनंद लेंगे." उनके इस बयान को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और सामान्य स्थिति को लेकर सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, उन्होंने यात्रा एडवाइजरी में तत्काल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की है.
2019 के बाद पहली बार मौजूदा अमेरिकी राजदूत का दौरा
सर्जियो गोर का कश्मीर दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद वह घाटी का दौरा करने वाले पहले मौजूदा अमेरिकी राजदूत हैं. उनकी यात्रा ऐसे समय हुई है जब केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल होने पर जोर दे रहे हैं. अपने दौरे के अगले चरण में गोर लद्दाख जाने से पहले जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी मुलाकात करेंगे. इस बीच उनके कश्मीर दौरे और यात्रा एडवाइजरी को लेकर दिए गए संकेत पर भारत और अमेरिका दोनों में नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट ने बिहार-बंगाल-ओडिशा को दिया बड़ा तोहफा, 4 रेल लाइन और 1 हाईवे परियोजना को मंजूरी