Kal Ka Mausam: दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. वहीं पूर्वी भारत के ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी बारिश का दौर जारी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 20 अगस्त को देश के करीब 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है. कुछ राज्यों में भारी और कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है.
दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है. 20 अगस्त को दिल्ली के अलावा नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी बारिश होने की संभावना है.
पूरे क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगह हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है. बारिश और बादलों का दौर जारी रह सकता है.
Subject: (i)Under the influence of Depression over north Jharkhand and adjoining southwest Bihar & southeast Uttar Pradesh; Isolated heavy to very heavy rainfall also likely over East Uttar Pradesh, Madhya Pradesh and heavy rainfall over Bihar and Jharkhand with Isolated… pic.twitter.com/0leyxvTK8y
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 19, 2026
राजस्थान में फिर शुरू होगी बारिश
राजस्थान के कुछ हिस्सों में 20 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 23 अगस्त के बीच पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
राज्य के बाकी हिस्सों में भी हल्की बारिश जारी रहने का अनुमान है. बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में 20 से 22 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
यूपी में कई जगह बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी 20 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी होने की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने कई जगहों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
बिहार में भी बढ़ेगी बारिश
बिहार में 20 अगस्त को कई जगह बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 23 अगस्त के बीच राज्य में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. 19 से 25 अगस्त के बीच कई इलाकों में आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. 22 अगस्त को कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है.
ओडिशा में बारिश से बाढ़ के हालात
ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 20 अगस्त को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. हालांकि 21 अगस्त तक भारी बारिश को लेकर कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
20 अगस्त को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और कोंकण-गोवा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और तेज बहाव वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के टिकरी कलां में CNG पंप पर जोरदार धमाका, 1 की मौत और 6 घायल, आखिर कैसे हुआ हादसा?