पाकिस्तान में ढहाया गया 100 साल पुराना मंदिर, भारत ने जताई गहरी चिंता, जानें क्या कहा

पाकिस्तान के पंजाब में एक सदी से अधिक पुराने हिंदू मंदिर को गिराए जाने की खबर ने भारत की चिंता बढ़ा दी है. भारत ने बुधवार को इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार से मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

india-raises-concern-pakistan-hindu-temple-demolition-probe
Image Source: ANI/ Social Media

पाकिस्तान के पंजाब में एक सदी से अधिक पुराने हिंदू मंदिर को गिराए जाने की खबर ने भारत की चिंता बढ़ा दी है. भारत ने बुधवार को इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार से मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने नारोवाल के सिराज गांव में मौजूद सौ साल पुराने पूजा स्थल में तोड़फोड़ की खबरों की साफ तौर पर निंदा की है.

मंदिर के तोड़े जाने पर भारत ने जताई चिंता 

जायसवाल ने कहा, 'हमने पाकिस्तान के नारोवाल के ऐतिहासिक हिंदू मंदिर के तोड़े जाने की खबरों पर गहरी चिंता जताई है. हम अल्पसंख्यकों के सौ साल पुराने पूजा स्थल के साथ की गई तोड़फोड़ की साफ तौर पर निंदा करते हैं.'

विदेश मंत्रालय ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा करने में अधिकारियों की विफलता चिंताजनक है और इससे पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर चिंताएं पैदा होती हैं.

क्या मदरसे की जमीन के लिए ढहाया गया मंदिर?

जायसवाल ने कहा, 'अधिकारियों की लापरवाही और इस सौ साल पुराने मंदिर की सुरक्षा न कर पाना चिंताजनक है. ऐसी घटनाएं इस बात की कड़वी याद दिलाती हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय लगातार असुरक्षित हैं और उनके धार्मिक अधिकारों और पूजा स्थलों का गंभीर उल्लंघन हो रहा है.'

मंदिर गिरने की वजह पर आमने-सामने दावे

लाहौर से करीब 130 किलोमीटर दूर सिराज गांव में स्थित इस मंदिर को 21 अगस्त को गिराया गया था. अल्पसंख्यक संगठनों का आरोप है कि धार्मिक कट्टरपंथियों ने पास के मदरसे की जमीन में मंदिर की जगह को मिलाने के इरादे से इसे निशाना बनाया. वहीं, ETPB का दावा है कि भारी बारिश के चलते मंदिर की इमारत ढह गई. मंदिर के 100 साल से अधिक पुराना होने के कारण इस घटना ने धार्मिक धरोहर और अल्पसंख्यक अधिकारों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. भारत ने पाकिस्तान से पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: जिसने कश्मीर में फैलाया आतंक, उसके लिए आंसू बहा रहा पाकिस्तान, शहबाज सरकार ने बताया बेकसूर