10वीं पास के लिए नौकरी का सुनहरा मौका, भारतीय डाक विभाग में ड्राइवर के पदों पर निकली भर्ती

India Post Recruitment 2026: अगर आप केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं और ड्राइविंग का अनुभव रखते हैं, तो भारतीय डाक विभाग आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है.

india-post-driver-recruitment-2026-offline-application-eligibility-details
Image Source: Social Media

India Post Recruitment 2026: अगर आप केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं और ड्राइविंग का अनुभव रखते हैं, तो भारतीय डाक विभाग आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है. डाक विभाग ने मेल मोटर सर्विस के तहत स्टाफ कार ड्राइवर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. इस भर्ती के माध्यम से बेंगलुरु और मैसूर यूनिट में कुल 11 रिक्तियां भरी जाएंगी. खास बात यह है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन होगी और योग्य उम्मीदवारों को नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख से 60 दिनों के भीतर अपना आवेदन निर्धारित पते पर भेजना होगा.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. साथ ही उसके पास हल्के और भारी मोटर वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, कम से कम तीन वर्ष का ड्राइविंग अनुभव और वाहन की मरम्मत एवं रखरखाव का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए. यह भर्ती केवल केंद्र सरकार के मौजूदा कर्मचारियों के लिए है और नियुक्ति डेप्युटेशन-अब्जॉर्प्शन के आधार पर की जाएगी. 

प्राथमिकता डाक विभाग के पात्र कर्मचारियों, जैसे डिस्पैच राइडर और मल्टी टास्किंग स्टाफ को दी जाएगी. यदि विभाग में उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिलते हैं, तो अन्य केंद्रीय सरकारी विभागों के कर्मचारियों पर भी विचार किया जाएगा. आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष निर्धारित की गई है. इसके अलावा एक वर्ष के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले या रिजर्व में भेजे जाने वाले पात्र सशस्त्र बलों के कर्मचारी भी आवेदन कर सकते हैं.

आकर्षक वेतन और सरकारी सुविधाएं

भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के पे लेवल-2 के अनुसार की जाएगी. इस पद पर 19,900 रुपये से 63,200 रुपये प्रतिमाह तक मूल वेतन मिलेगा. इसके अतिरिक्त महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और केंद्र सरकार के नियमों के तहत मिलने वाली अन्य सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा. सरकारी सेवा में कार्यरत कर्मचारियों के लिए यह पद बेहतर वेतन, स्थिर नौकरी और भविष्य की सुरक्षा के लिहाज से अच्छा विकल्प माना जा रहा है.

ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया, ऐसे जमा करें फॉर्म

इच्छुक उम्मीदवार भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. फॉर्म को सावधानीपूर्वक भरने के बाद उसके साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आयु प्रमाणपत्र, सेवा संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों की स्वयं सत्यापित प्रतियां संलग्न करनी होंगी. इसके बाद पूरा आवेदन मैनेजर, मेल मोटर सर्विस, बेंगलुरु-560001 के पते पर निर्धारित समय सीमा के भीतर भेजना होगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे और यह भर्ती केवल केंद्र सरकार के कार्यरत कर्मचारियों के लिए ही लागू होगी.

ये भी पढ़ें: इस राज्य में कई विभागों में निकली बंपर भर्ती, जानें कब से शुरू होंगे आवेदन