भारत-पाक महामुकाबले में होगी रिकॉर्ड्स की बारिश! हरमनप्रीत-मंधाना के निशाने पर बड़े कीर्तिमान

Women Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हैं.

india-pakistan-womens-asia-cup-2026-match-records
Image Source: ANI/ Social Media

Women Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हैं. मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा. टीम इंडिया अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है, जबकि पाकिस्तान की नजर भारत को हराकर अंतिम-4 में पहुंचने पर होगी.

मंधाना के निशाने पर बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस मुकाबले में सबसे ज्यादा निगाहें स्मृति मंधाना पर रहेंगी, जो अंतर्राष्ट्रीय महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने से महज 78 रन दूर हैं. न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम 4758 रन हैं, जबकि मंधाना अब तक 4681 रन बना चुकी हैं. पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलते ही मंधाना यह रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती हैं.

100 छक्कों से सिर्फ 6 सिक्स दूर मंधाना

स्मृति मंधाना के पास एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है. वह महिला अंतर्राष्ट्रीय टी20 में भारत की सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाज हैं और उनके नाम फिलहाल 95 सिक्स दर्ज हैं. पाकिस्तान के खिलाफ अगर मंधाना 6 और छक्के जड़ देती हैं, तो वह भारत की पहली महिला बल्लेबाज बन जाएंगी, जिनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 100 छक्के होंगे. हरमनप्रीत कौर 89 छक्कों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं.

पाकिस्तान के खिलाफ खतरे में मिताली का रिकॉर्ड

पाकिस्तान के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी टूटने की कगार पर है. मिताली राज ने पाकिस्तान के खिलाफ 315 रन बनाए थे, जबकि स्मृति मंधाना के नाम अब 307 रन हैं. यानी मंधाना को यह रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए सिर्फ 9 रन की जरूरत है. बड़ी पारी के साथ वह एक ही मैच में कई उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं.

हरमनप्रीत कौर रचेंगी अनोखा इतिहास

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास रहने वाला है. पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वह टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान 150वां मैच पूरा करेंगी. ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली कप्तान बनने जा रही हैं. उनके नाम पहले से ही कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं और यह उपलब्धि उनके करियर में एक और खास अध्याय जोड़ देगी.

शेफाली के पास 3000 रन पूरे करने का मौका

शेफाली वर्मा भी इस मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं. महिला अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ही अब तक 3000 से ज्यादा रन बना पाई हैं. शेफाली के नाम फिलहाल 2993 रन हैं और वह इस आंकड़े से केवल 7 रन दूर हैं. पाकिस्तान के खिलाफ छोटी सी पारी भी उन्हें इस खास क्लब में शामिल करा सकती है.

पाकिस्तान के लिए मुकाबला बेहद अहम

भारत के खिलाफ पाकिस्तान की टीम के लिए यह मुकाबला सिर्फ प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं है, बल्कि सेमीफाइनल की दौड़ से भी जुड़ा हुआ है. कप्तान फातिमा सना और नशरा संधू पर टीम को खास उम्मीदें होंगी. नशरा ने थाईलैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 6 रन दिए थे. ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तानी गेंदबाजों के बीच मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है.

एक मैच, कई रिकॉर्ड और करोड़ों निगाहें

भारत पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ जीत उसकी लय को और मजबूत करेगी. दूसरी तरफ पाकिस्तान की टीम अंतिम-4 का टिकट पक्का करने के इरादे से उतरेगी. मंधाना के रन और छक्के, हरमनप्रीत का 150वां कप्तानी मैच और शेफाली के 3000 रन जैसे कई रिकॉर्ड इस मुकाबले को खास बना रहे हैं. ऐसे में दुबई में होने वाला यह भारत-पाक मुकाबला सिर्फ जीत-हार नहीं, बल्कि रिकॉर्ड्स के लिहाज से भी यादगार बन सकता है.

ये भी पढ़ें: रिजवान, इमाम और आगा की 'गंदी हरकत'! ड्रेसिंग रूम विवाद के बाद PCB ने भेजा घर, पाकिस्तान टीम में बवाल