Pakistan Afghanistan Conflict: भारत ने पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है. भारत का कहना है कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कई बेगुनाह लोगों की जान गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने रविवार और सोमवार की रात अफगानिस्तान में कई हवाई हमले किए. इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.
भारत ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की यह कार्रवाई अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ है. भारत का मानना है कि ऐसे हमले पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा पैदा करते हैं.
भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का यह कदम उसके गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दिखाता है. मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान अपनी घरेलू समस्याओं और नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए सीमा पार हिंसा का सहारा ले रहा है.
India strongly condemns air-strikes by Pakistan on Afghan territory
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) June 29, 2026
🔗 https://t.co/1mONzLsCU4 pic.twitter.com/IDqzhgwPP2
पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
भारत ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है. साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है. भारत ने दोहराया कि वह अफगानिस्तान की संप्रभुता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता के समर्थन में हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा.
हमलों में कई लोगों की मौत
अफगान अधिकारियों के अनुसार, रातभर चले हवाई हमलों में कई आम नागरिकों की जान गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं. इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव और बढ़ गया है. फिलहाल हालात पर दोनों देशों की नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- अंधाधुंध फायरिंग से दहला जर्मनी का ये शहर, 5 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, 2 आरोपी गिरफ्तार