Germany Shooting: जर्मनी के उत्तरी हिस्से में स्थित स्टेड (Stade) शहर सोमवार को उस समय दहल उठा, जब एक इमारत के भीतर हुई सामूहिक गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती कार्रवाई में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से एक पर गोली चलाने का आरोप है.
बता दें कि स्टेड शहर की आबादी करीब 50 हजार है और यह हैम्बर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित एक शांत शहर माना जाता है. ऐसे शहर में हुई इस हिंसक घटना ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पूरे जर्मनी को झकझोर कर रख दिया है.
युवा कल्याण केंद्र में हुई घटना
पुलिस के मुताबिक यह गोलीबारी स्टेड शहर की डैंकर्सस्ट्रासे (Dankersstrasse) स्थित एक इमारत में हुई, जहां एक युवा कल्याण केंद्र संचालित किया जाता है. यह इलाका शहर के केंद्र से दक्षिण दिशा में स्थित है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को तत्काल सील कर दिया और बचाव अभियान शुरू किया.
पांच लोगों की मौत, कई अन्य घायल
पुलिस ने पुष्टि की है कि इस सामूहिक गोलीबारी में पांच लोगों की जान चली गई है. इसके अलावा कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक घायलों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
दो संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि इनमें से एक व्यक्ति पर गोली चलाने का संदेह है. फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है. जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले सबूतों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: 40 डिग्री सेल्सियस तापमान, फिर भी इस देश में पुलिस जबरन घरों से हटवा रही AC, जानें कारण