अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने स्पष्ट किया है कि वॉशिंगटन और पाकिस्तान के बीच बढ़ती बातचीत या साझेदारी से भारत-अमेरिका के गहरे रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ेगा. रूबियो ने कहा कि पाकिस्तान के साथ सहयोग का दायरा अब केवल आतंकवाद-रोधी प्रयासों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अमेरिका आर्थिक और रणनीतिक स्तर पर भी नई संभावनाएं तलाश रहा है.
वॉशिंगटन में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान रूबियो ने कहा, कि भारत के साथ हमारा रिश्ता गहरा, ऐतिहासिक और बेहद महत्वपूर्ण है. पाकिस्तान से बातचीत भारत के खर्च पर नहीं हो रही. अमेरिका एक ऐसी विदेश नीति पर काम कर रहा है जो सभी देशों के साथ व्यावहारिक और बहुआयामी संबंधों पर आधारित है. उन्होंने आगे कहा कि भारत एक परिपक्व लोकतंत्र है और वह समझता है कि आज के वैश्विक माहौल में अमेरिका को कई देशों के साथ एक साथ काम करना पड़ता है.
अमेरिका-पाकिस्तान साझेदारी में नई दिशा
रूबियो ने बताया कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ एक नया रणनीतिक गठजोड़ बनाने की दिशा में काम कर रहा है. उनके अनुसार, हम पाकिस्तान के साथ काम करने के इच्छुक हैं. हमें मालूम है कि चुनौतियां हैं, लेकिन हम यह भी देख रहे हैं कि किन मुद्दों पर मिलकर आगे बढ़ा जा सकता है. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद-रोधी सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है, जिसे अब एक नए स्तर पर ले जाने का इरादा है.
भारत की चिंताओं को लेकर दिया जवाब
भारत की संभावित चिंता पर पूछे गए सवाल के जवाब में रूबियो ने कहा कि भारत की प्रतिक्रिया स्वाभाविक है क्योंकि दोनों पड़ोसी देशों के बीच ऐतिहासिक तनाव रहा है. भारत समझता है कि अमेरिका को कई देशों से संबंध बनाए रखने होते हैं. वैसे ही, भारत भी ऐसे देशों से रिश्ते रखता है जिनसे अमेरिका के मतभेद हैं. यही परिपक्व कूटनीति का हिस्सा है.
अमेरिका–पाकिस्तान संबंधों में नई गर्माहट
हाल के महीनों में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच संबंधों में नई ऊर्जा देखने को मिली है. दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिज साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत अमेरिका पाकिस्तान में लगभग 500 मिलियन डॉलर का निवेश करेगा. इसके अलावा, दोनों देशों ने तेल भंडारण और व्यापार विस्तार पर भी सहमति जताई है.
ट्रंप की पाकिस्तान की तारीफ, रिश्तों में नया मोड़
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर की तारीफ करते हुए उन्हें “बेहतरीन लोग” बताया. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध को रोककर “लाखों जानें बचाईं.” यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका-पाकिस्तान रिश्तों में नई गर्मजोशी देखी जा रही है और वॉशिंगटन इस साझेदारी को रणनीतिक रूप से पुनर्परिभाषित करने की कोशिश कर रहा है.
यह भी पढ़ें: रूस ने कर दिया कमाल! 14,000 किमी रेंज वाली मिसाइल का हुआ सफल परीक्षण, जानें 'बुरेवेस्तनिक' की ताकत