IND U19 vs PAK U19 Highlights: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दबाव के मैचों में उसका जज्बा अलग ही स्तर का होता है. सेमीफाइनल की रेस में आखिरी टिकट के लिए खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से मात देकर न सिर्फ अपने अभियान को मजबूत किया, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी भी ठोक दी.
पहले बल्लेबाजी, संघर्ष के साथ 252 रन
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत में संभलकर खेलते हुए स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. पूरी टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 252 रनों पर ऑलआउट हो गई. यह स्कोर आसान नहीं था, लेकिन नॉकआउट जैसे मुकाबले में गेंदबाजों के लिए लड़ने लायक जरूर माना जा रहा था.
सेमीफाइनल की रेस में निर्णायक मुकाबला
इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुके थे. ऐसे में भारत-पाकिस्तान मैच से यह तय होना था कि चौथी टीम कौन होगी. नेट रन-रेट के दबाव के कारण पाकिस्तान को 33.3 ओवरों में लक्ष्य हासिल करना जरूरी था, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया.
पाकिस्तान की तेज शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने आत्मविश्वास से भरी शुरुआत की. सलामी बल्लेबाज हमजा जहूर, उस्मान खान और कप्तान फरहान यूसुफ ने भारतीय गेंदबाजों को कुछ देर तक बैकफुट पर रखा. 30 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 151 रन और सिर्फ दो विकेट गिरे थे. रन रेट भी 5 से ऊपर चल रहा था और ऐसा लगने लगा था कि मैच पाकिस्तान की पकड़ में जा रहा है.
एक विकेट, जिसने पलट दी कहानी
मैच का टर्निंग पॉइंट तब आया जब आरएस अंबरिस ने कप्तान फरहान यूसुफ को 38 रन पर पवेलियन भेजा. इसी विकेट के साथ पाकिस्तान की लय टूट गई. इसके बाद भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने गेंद संभाली और मुकाबले की तस्वीर ही बदल दी.
आयुष म्हात्रे का कप्तानी करिश्मा
कप्तान आयुष म्हात्रे ने दबाव के इस क्षण में शानदार गेंदबाजी करते हुए पहले अहमद हुसैन और फिर सेट बल्लेबाज उस्मान खान को 66 रन पर आउट किया. लगातार दो बड़े विकेट गिरते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी बिखर गई. लोअर मिडिल ऑर्डर और पुछल्ले बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए.
43 रनों में ढह गया पाकिस्तान
एक समय जीत की ओर बढ़ रही पाकिस्तानी टीम ने आखिरी 6 विकेट सिर्फ 43 रनों के भीतर गंवा दिए. पूरी टीम 194 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 58 रनों से अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026: अल्कारेज ने नोवाक जोकोविच को हराकर रचा इतिहास, 87 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ धवस्त