Asia Cup W: महिला एशिया कप सेमीफाइनल आज, भारत-बांग्लादेश की होगी टक्कर, जानें कब और कहां देखें मैच

Women’s Asia Cup: शुक्रवार को होने वाले महिला एशिया कप सेमीफाइनल में भारत और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे, मुकाबला शाम 8 बजे से खेला जाएगा और दर्शक इसे टीवी व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लाइव देख सकेंगे.

india-bangladesh-womens-asia-cup-semifinal-match-live
Image Source: Internet

Women’s Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में आज भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मुकाबले जीते हैं, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में बांग्लादेश को हल्के में लेना बड़ी गलती साबित हो सकती है. दोनों टीमों की पिछली एशिया कप भिड़ंत की यादें भी भारत के लिए अच्छी नहीं रही हैं, जब 2018 के फाइनल में बांग्लादेश ने टीम इंडिया को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था.

दुबई में होगी फाइनल की जंग

भारत और बांग्लादेश के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार मैच रात 8 बजे शुरू होगा. टीम इंडिया की नजर जीत के साथ फाइनल में जगह बनाने पर होगी. भारत महिला एशिया कप के इतिहास में हर बार फाइनल तक पहुंचने वाली इकलौती टीम रही है और वह इस सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहेगी.

कहां देख सकेंगे लाइव मुकाबला?

भारत और बांग्लादेश के इस अहम मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक Sony Liv ऐप और वेबसाइट के जरिए मैच का लाइव आनंद ले सकते हैं.

भारत का पलड़ा भारी

महिला टी20 क्रिकेट में भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें टीम इंडिया ने 21 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि बांग्लादेश को सिर्फ तीन मुकाबलों में सफलता मिली है. हालांकि, 2018 एशिया कप फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को 112 रन पर समेटते हुए तीन विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. दोनों टीमों की इस साल जून में भी भिड़ंत हुई थी, जिसमें भारत ने पांच विकेट से जीत हासिल की थी.

ग्रुप स्टेज में भारत का शानदार प्रदर्शन

भारत ने एशिया कप के ग्रुप स्टेज में अपने तीनों मुकाबले जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया. टीम इंडिया ने पाकिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग और थाईलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है. वहीं बांग्लादेश ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहा. उसने इंडोनेशिया और यूएई के खिलाफ जीत दर्ज की, जबकि श्रीलंका के हाथों उसे चार विकेट से हार मिली थी.

श्रीलंका और पाकिस्तान में दूसरा सेमीफाइनल

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला भी दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ही होगा. श्रीलंका मौजूदा महिला एशिया कप चैंपियन है, ऐसे में दूसरे सेमीफाइनल में भी मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी क्रिकेटरों को समझा घुसपैठिया, भीड़ लगाने लगी वापस भेजने के नारे, इंग्लैंड में हुई बेइज्जती!