भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों की फिजा में इन दिनों एक बार फिर डर और आशंका का माहौल गहराया हुआ है. हाल ही में एक घटना ने पाकिस्तान की नींद उड़ा दी, जब भारतीय वायुसेना के राफेल फाइटर जेट्स की आवाज सुनते ही पाकिस्तानी सैन्य महकमे में खलबली मच गई. मामला इतना गंभीर समझा गया कि पाकिस्तान ने तत्काल अपनी वायुसेना को हरकत में ला दिया और एलओसी (LoC) के पास फाइटर जेट्स तैनात कर दिए.
डर का साया: राफेल की गूंज और पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब भारतीय वायुसेना के चार राफेल फाइटर जेट्स को कश्मीर के आसमान में गश्त लगाते देखा गया, तो पाकिस्तानी वायुसेना ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों को शक हुआ कि भारत की ओर से कोई सैन्य कार्रवाई होने वाली है. इसी आशंका में पाकिस्तानी वायुसेना के फाइटर जेट्स ने PoK के ऊपर गश्त शुरू कर दी.
पाकिस्तानी सेना के चीफ जनरल आसिम मुनीर तक को स्थिति पर निगरानी रखनी पड़ी. आनन-फानन में पाकिस्तानी एयरफोर्स को अलर्ट पर रखा गया. कुछ पाकिस्तानी मीडिया संस्थानों ने दावा किया कि भारतीय जेट्स पीओके में दाखिल हुए थे, लेकिन जैसे ही पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की, वे वापस लौट गए. हालांकि भारत की ओर से ऐसी किसी हलचल की पुष्टि नहीं की गई है.
राजनीतिक बयानबाजी और बेबुनियाद आशंकाएं
इस पूरे घटनाक्रम से कुछ घंटे पहले ही पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया था कि भारत अगले 24 से 36 घंटों में हमला कर सकता है. उन्होंने आधी रात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह बात कही, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया. लेकिन, भारत ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह सब एक मनगढ़ंत कहानी है और पाकिस्तान सिर्फ डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है.
ये भी पढ़ेंः हो गई पाकिस्तान की बर्बादी की तैयारी! NSAB के वो 7 चेहरे जो दुश्मन का किला भेदने को तैयार