IND-W vs PAK-W: एशिया कप में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, लगातार पांचवीं बार हराने उतरेगी टीम इंडिया?

विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. टीम इंडिया के लिए यह कोई बड़ी हैरानी की बात नहीं है, क्योंकि वह इस टूर्नामेंट की मजबूत टीमों में गिनी जाती है. भारत की नजरें अब खिताब पर हैं.

IND-W vs PAK-W India and Pakistan clash in the Asia Cup 2026 today T20 match
Image Source: Social Media

IND-W vs PAK-W: विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. टीम इंडिया के लिए यह कोई बड़ी हैरानी की बात नहीं है, क्योंकि वह इस टूर्नामेंट की मजबूत टीमों में गिनी जाती है. भारत की नजरें अब खिताब पर हैं. हालांकि, ग्रुप स्टेज का सबसे बड़ा मुकाबला अभी बाकी है. शनिवार, 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच काफी अहम है, क्योंकि जीत के साथ वह सेमीफाइनल में पहुंच सकती है.

भारत-पाकिस्तान के बीच कैसा है रिकॉर्ड?

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच कई मुकाबले खेले जा चुके हैं. अब एक बार फिर दोनों टीमें इसी मैदान पर आमने-सामने होंगी. भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, इसलिए उसके पास ग्रुप स्टेज में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखने का मौका होगा. वहीं पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ में बेहद अहम है.

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस मैच में जीत की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही है. इसकी एक बड़ी वजह पाकिस्तान के खिलाफ उसका शानदार रिकॉर्ड है. दोनों टीमों के बीच अब तक महिला टी20 में 17 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 14 मैच जीते हैं. पिछले चार मुकाबलों में भी टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया है. पाकिस्तान को भारत के खिलाफ आखिरी जीत 2022 के एशिया कप में मिली थी.

हरमनप्रीत के बल्ले पर रहेंगी नजरें

भारत इस मैच में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार पांचवीं और कुल 15वीं जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगा. हालांकि, इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजर कप्तान हरमनप्रीत कौर की बल्लेबाजी पर होगी.

हरमनप्रीत पिछले कुछ समय से बड़ी पारी नहीं खेल पाई हैं. टी20 विश्व कप 2026 के बाद से ही वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही हैं. एशिया कप में भी उनका बल्ला नहीं चला है. उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ सिर्फ 5 रन और सिंगापुर के खिलाफ 10 रन बनाए थे. ऐसे में सेमीफाइनल से पहले भारतीय कप्तान का फॉर्म में लौटना टीम के लिए काफी जरूरी है.

दीप्ति शर्मा पर भी रहेंगी उम्मीदें

भारतीय टीम की जीत में गेंदबाजों की भूमिका भी काफी अहम रहने वाली है. खास तौर पर स्पिन गेंदबाज दीप्ति शर्मा से टीम को बड़ी उम्मीद होगी. पाकिस्तान के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है.

पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 5 टी20 मैचों में दीप्ति ने कुल 13 विकेट लिए हैं. इनमें एक मुकाबले में उन्होंने 5 विकेट भी हासिल किए थे. इन पांच में से 4 मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति शर्मा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.