Air India Flight: एअर इंडिया की फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट में हुई घटना को लेकर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि विमान के पायलट इन कमांड (PIC) के साइको-एक्टिव सब्सटेंस टेस्ट का रिजल्ट नॉन-नेगेटिव आया था. वहीं, विमान के को-पायलट का ड्रग टेस्ट नेगेटिव पाया गया. यह घटना 4 अगस्त को एअर इंडिया के Airbus A320 विमान VT-EXO से संचालित फ्लाइट AI 2379 से जुड़ी है.
उड़ान के दौरान सामने आई गंभीर तकनीकी गड़बड़ी
AAIB की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. 04:02:43 UTC पर फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम ने ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम के खत्म होने का संकेत दिया. इसके महज चार सेकंड के भीतर ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम के भी खत्म होने का पता चला. लगातार हाइड्रोलिक सिस्टम फेलियर के संकेत मिलने के बाद विमान का ऑटोपायलट डिसएंगेज हो गया और लगातार चाइम बजने लगा.
स्टॉल वार्निंग के बाद बदली विमान की ऊंचाई
हाइड्रोलिक सिस्टम में गड़बड़ी के कुछ ही सेकंड बाद करीब दो सेकंड के लिए स्टॉल वार्निंग भी सक्रिय हुई. इसके बाद को-पायलट ने विमान को नियंत्रित करने की कोशिश की और फिर PIC ने कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया. इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला. रिपोर्ट के अनुसार, विमान अपनी निर्धारित ऊंचाई से पहले 372 फीट ऊपर गया और फिर 292 फीट नीचे आ गया.
पायलट और को-पायलट के ड्रग टेस्ट में अंतर
AAIB के मुताबिक, दोनों फ्लाइट क्रू का साइको-एक्टिव सब्सटेंस डिटेक्शन किट से टेस्ट किया गया था. इसमें PIC का सैंपल नॉन-नेगेटिव आया, जबकि को-पायलट का परिणाम नेगेटिव रहा. इसके बाद दोनों के ब्लड सैंपल कन्फर्मेटरी जांच के लिए पैथोलॉजिकल लैब भेजे गए. वहां भी PIC का सैंपल नॉन-नेगेटिव रहा, जबकि को-पायलट का सैंपल दोनों जांच में नेगेटिव पाया गया.
रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय PIC पायलट मॉनिटरिंग की भूमिका में था, जबकि विमान को फर्स्ट ऑफिसर उड़ा रहा था. हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट में सामने आए इन टेस्ट नतीजों की पूरी परिस्थितियों और उनके प्रभाव को लेकर जांच अभी महत्वपूर्ण है.
कुछ यात्रियों और केबिन क्रू को लगी चोट
विमान में आई इस गड़बड़ी के दौरान कुछ यात्रियों और केबिन क्रू के सदस्यों को चोटें भी आईं. केबिन सुपरवाइजर ने इसकी जानकारी कॉकपिट क्रू को दी. स्थिति का आकलन करने के बाद फ्लाइट क्रू ने विमान को किसी नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने के बजाय दिल्ली ले जाने का फैसला किया. इसके बाद क्रू ने दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से मेडिकल प्राथमिकता मांगी. ATC की ओर से जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई.
दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
तमाम चुनौतियों के बावजूद एअर इंडिया का Airbus A320 विमान दिल्ली पहुंचा और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे 11L पर 05:30 UTC पर सुरक्षित लैंड किया. इसके करीब सात मिनट बाद यानी 05:37 UTC पर विमान अपने दम पर पार्किंग बे तक पहुंच गया.
ये भी पढ़ें- श्रीनगर एयरपोर्ट पर Indigo विमान पोल से टकराया, पार्किंग के दौरान ब्रेक सिस्टम फेल होने से हुआ हादसा