IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला महामुकाबला पहले ही काफी चर्चा में रहा है. लंबे इंतजार के बाद जब यह मुकाबला तय हुआ, तो अब कोलंबो का मौसम क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ा रहा है. 15 फरवरी को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेले जाने वाले इस मैच के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह
हाई-वोल्टेज मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ जाएगा या फिर ओवरों में कटौती के साथ खेल पूरा हो पाएगा.
यह मुकाबला T20 World Cup 2026 के तहत आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, जहां मौसम अक्सर अप्रत्याशित रहता है.
शाम 7 बजे शुरू होगा मुकाबला
भारत और पाकिस्तान का यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा. भारत और श्रीलंका एक ही समय क्षेत्र में आते हैं, इसलिए भारतीय समय और स्थानीय समय में कोई अंतर नहीं होगा. समस्या यह है कि इसी समय कोलंबो में बारिश के आसार बताए जा रहे हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि बारिश की संभावना पहले के मुकाबले अब कुछ कम हुई है.
बारिश के अनुमान में आई कमी
BBC Weather के अनुसार, पहले 15 फरवरी की शाम 6 से 9 बजे के बीच भारी बारिश की आशंका जताई गई थी. शुरुआती अनुमान में शाम 6 बजे बारिश की संभावना 51 प्रतिशत, 7 बजे 57 प्रतिशत, 8 बजे 65 प्रतिशत और 9 बजे 45 प्रतिशत बताई गई थी.
लेकिन ताजा अपडेट के मुताबिक हालात कुछ बेहतर नजर आ रहे हैं. अब टॉस के समय यानी शाम साढ़े 6 बजे बारिश की संभावना करीब 50 प्रतिशत है. मैच शुरू होने के बाद शाम साढ़े 7 बजे यह घटकर 40 प्रतिशत और साढ़े 8 बजे के आसपास 27 प्रतिशत तक आ जाती है. इसके बाद बारिश की संभावना और कम होती दिख रही है.
ये भी पढ़ें- Mahashivratri: आज शुभ योग में महाशिवरात्रि का पर्व, जानें स्नान का समय, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि