Asia Cup 2025: जब भारत-पाकिस्तान जैसा हाई-प्रेशर मुकाबला हो और सामने हो शाहीन शाह अफरीदी जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाज़, तब पहली ही गेंद पर आगे बढ़कर चौका मारना... ये सिर्फ स्ट्रोक नहीं, सोच की क्रांति है. अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ 31 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर सिर्फ रन नहीं बनाए, उन्होंने दिखा दिया कि भारत का युवा क्रिकेट अब 'डर' से नहीं, 'डॉमिनेशन' से खेलता है.
ओपनिंग करते हुए जैसे ही अभिषेक ने शाहीन की पहली गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाया, पाकिस्तान के पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर तक हैरान रह गए. उन्होंने अपने बयान में कहा, “मैंने सोचा भी नहीं था कि कोई शाहीन शाह अफरीदी को पहली बॉल पर आगे बढ़कर चौका मारेगा... लेकिन अभिषेक शर्मा ने सिर्फ मारा ही नहीं, इंटेंट भी दिखाया.”
भारत की धमाकेदार जीत और सुपर-4 में एंट्री
पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सिर्फ 127 रन ही बना पाई. सलमान अली आगा के टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला टीम के लिए उल्टा साबित हुआ, क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बना दिया.
इसके जवाब में भारत ने सिर्फ 15.5 ओवर में 131 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया. यूएई के खिलाफ पहले ही जीत दर्ज कर चुकी टीम इंडिया ने इस जीत के साथ सुपर-4 में जगह पक्की कर ली है.
हैंडशेक विवाद की छाया में जीत की चमक
हालांकि इस मुकाबले के बाद हैंडशेक विवाद भी चर्चा में रहा, जहां पाकिस्तान ने दावा किया कि भारतीय खिलाड़ियों ने खेल भावना नहीं दिखाई. अब पाकिस्तान ने अगला मैच यूएई के खिलाफ न खेलने की धमकी भी दी है.
लेकिन इन सबके बीच, अभिषेक शर्मा का आक्रामक खेल, उनका आत्मविश्वास और मैच का मूमेंटम पलटने की काबिलियत, भारतीय क्रिकेट के उज्जवल भविष्य की कहानी बयां कर गया.
यह भी पढ़ें- राजनीतिक दलों को महिलाओं की सुरक्षा से छूट? जानिए POSH एक्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय