IND vs IRE: बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा. लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया को आयरलैंड ने 34 रन से हरा दिया. कागज पर कमजोर मानी जा रही आयरलैंड की टीम ने बेहतर रणनीति अपनाई, जबकि भारतीय बल्लेबाज एक ही जाल में फंसते रहे. यही वजह रही कि भारत को पहली बार टी-20 में आयरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.
आयरलैंड ने सही जगह लगाए शॉट
मैच में सबसे बड़ा अंतर दोनों टीमों के शॉट सेलेक्शन में देखने को मिला. बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट मैदान की पिच धीमी थी और स्क्वायर बाउंड्री भी काफी बड़ी थी. ऐसे में आयरलैंड के बल्लेबाजों ने ज्यादातर शॉट मैदान के सीधे हिस्से यानी 'V' शेप में खेले.
इसी वजह से आयरलैंड ने सामने की तरफ भारत से 23 रन ज्यादा बनाए. वहां बाउंड्री भी छोटी थी, जिससे उन्हें रन बनाने में आसानी हुई.
भारतीय बल्लेबाज बार-बार एक ही गलती करते रहे
दूसरी ओर भारतीय बल्लेबाज लगातार स्क्वायर शॉट खेलने की कोशिश करते रहे. आयरलैंड के गेंदबाजों ने शरीर से दूर और शॉर्ट ऑफ गुड लेंथ गेंदबाजी की, जिससे भारतीय बल्लेबाज कट और पुल जैसे शॉट खेलने पर मजबूर हो गए.
नतीजा यह रहा कि कई बल्लेबाज डीप प्वाइंट, डीप स्क्वायर लेग और डीप मिडविकेट पर कैच देकर आउट हो गए. आयरलैंड ने अपनी फील्डिंग भी उसी हिसाब से लगाई और भारत के बल्लेबाज उसी जाल में फंसते चले गए.
गेंदबाजी में भी भारत से हुई चूक
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत शानदार की और आयरलैंड का स्कोर 30 रन पर 3 विकेट कर दिया था. लेकिन इसके बाद गेंदबाज लगातार फुल लेंथ गेंद डालते रहे, जिसका आयरलैंड के बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया. उन्होंने सीधे बल्ले से शानदार शॉट लगाए और तेजी से रन जोड़े.
182 रन का लक्ष्य नहीं कर पाया भारत पार
पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 9 विकेट पर 182 रन बनाए. भारत की ओर से हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं प्रसिद्ध कृष्णा काफी महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 57 रन लुटाए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके और पूरी टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 20 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी.