फोल्डेबल iPhone से स्मार्ट ग्लास तक... 2026-27 में लॉन्च होंगे कई धांसू गैजेट, जानें एपल का प्लान

एपल 9 सितंबर से अपने नए उत्पादों को पेश करने का सिलसिला शुरू कर सकती है. इस दौरान आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स के साथ एपल वॉच सीरीज 12, एयरपॉड्स 5 और नया एपल टीवी भी देखने को मिल सकता है.

impressive gadgets set to launch in 2026-27 foldable Foldable iPhones
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

एपल 9 सितंबर से अपने नए उत्पादों को पेश करने का सिलसिला शुरू कर सकती है. इस दौरान आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स के साथ एपल वॉच सीरीज 12, एयरपॉड्स 5 और नया एपल टीवी भी देखने को मिल सकता है. इसके अलावा कंपनी 2026 के अंत और 2027 के दौरान फोल्डेबल आईफोन, स्मार्ट ग्लास, टचस्क्रीन मैकबुक प्रो और नए आईपैड जैसे कई बड़े उत्पाद पेश करने की तैयारी में है. कंपनी के नए सीईओ जॉन टर्नस के दौर में एपल की उत्पाद रणनीति में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

9 सितंबर को आईफोन 18 प्रो समेत कई डिवाइस

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 सितंबर के कार्यक्रम में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स पेश किए जा सकते हैं. इनके डिजाइन में बहुत बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है, लेकिन अंदर से कई नए सुधार मिल सकते हैं. इनमें ए20 प्रो चिप, सी2 मॉडेम, बेहतर बैटरी और कूलिंग सिस्टम शामिल हो सकते हैं.

कैमरे में मैकेनिकल अपर्चर जैसी नई सुविधा मिलने की उम्मीद है. फोन को लाइट-ब्लू और डार्क-रेड रंग में भी पेश किया जा सकता है. वहीं एपल वॉच सीरीज 12 और अल्ट्रा 4 में नए रंग और कुछ नए फीचर्स मिल सकते हैं. सीरीज 12 में सिरेमिक केस और नए स्वास्थ्य व फिटनेस फीचर भी दिए जा सकते हैं.

एयरपॉड्स से एपल टीवी तक नए अपडेट

एपल अपने शुरुआती स्तर वाले एयरपॉड्स को भी अपडेट करने की तैयारी में है. इसमें सामान्य मॉडल के साथ नॉइज-कैंसिलिंग वाला विकल्प भी आ सकता है.

नया एपल टीवी मौजूदा डिजाइन के साथ तेज चिप, एआई वाली सिरी और नए रिमोट के साथ पेश किया जा सकता है. होमपॉड मिनी में भी तेज प्रोसेसर और एआई वाली सिरी मिलने की उम्मीद है. वहीं नई आईपैड मिनी में पहली बार ओएलईडी स्क्रीन दी जा सकती है, जिससे रंग, कंट्रास्ट और ब्लैक लेवल पहले से बेहतर होंगे.

फोल्डेबल आईफोन और टचस्क्रीन मैकबुक पर काम

एपल के सबसे बड़े नए उत्पादों में फोल्डेबल आईफोन शामिल हो सकता है. कंपनी के अंदर इसे कुछ लोग आईफोन अल्ट्रा के नाम से भी जानते हैं. इसमें अंदर की तरफ बड़ी स्क्रीन और बाहर छोटी स्क्रीन दी जा सकती है.

इसमें ए20 प्रो चिप, सी2 मॉडेम, टच आईडी, एक साथ कई काम करने के लिए स्प्लिट-व्यू सुविधा और बेहतर हिंज मिल सकता है. इसकी कीमत 2,000 डॉलर से ज्यादा होने की संभावना है. कंपनी टचस्क्रीन वाले ओएलईडी मैकबुक प्रो पर भी काम कर रही है, जिसमें डायनेमिक आइलैंड और टच के लिए नया सॉफ्टवेयर इंटरफेस मिल सकता है.

एम6 मैक और स्मार्ट होम हब की तैयारी

एपल एम6 चिप के साथ आईमैक को भी अपडेट कर सकता है. इसमें नए रंगों के विकल्प मिलने की उम्मीद है. 14 इंच के मैकबुक प्रो में मौजूदा एंट्री-लेवल एम5 की जगह एम6 चिप दी जा सकती है.

इसके अलावा कंपनी करीब 7 इंच के स्मार्ट होम हब पर भी काम कर रही है. इसमें एआई वाली सिरी, चेहरे की पहचान, विजेट, ऐप्स, फेसटाइम और स्मार्ट होम को नियंत्रित करने जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं. इसे टेबल पर रखने के साथ दीवार पर भी लगाया जा सकेगा.

2027 में मैकबुक, आईपैड और आईफोन में बड़े बदलाव

2027 के लिए एपल एम6 मैकबुक एयर, ए19 प्रो मैकबुक नियो और नए एंट्री-लेवल आईपैड पर काम कर रहा है. आईपैड एयर में ओएलईडी स्क्रीन मिलने की उम्मीद है. वहीं आईपैड प्रो में नई चिप और बेहतर प्रदर्शन के लिए वेपर चैंबर की टेस्टिंग की जा रही है. नए एपल पेंसिल मॉडल भी तैयार किए जा रहे हैं.

आईफोन 18 और आईफोन 18ई को प्रो मॉडल से अलग समय पर, 2027 की वसंत में लॉन्च किए जाने की बात सामने आई है. वहीं आईफोन एयर 2 में दूसरा रियर कैमरा, तेज चिप और बेहतर बैटरी दी जा सकती है.

स्मार्ट ग्लास और कैमरा वाले एयरपॉड्स भी तैयार

एपल 2027 में कैमरा वाले एयरपॉड्स भी ला सकता है. इनके कैमरे विजुअल इंटेलिजेंस की मदद से आसपास की चीजों को समझने, रिमाइंडर देने और रास्ता बताने जैसी सुविधाओं में मदद कर सकते हैं. हालांकि, इन कैमरों से फोटो या वीडियो रिकॉर्ड करने की सुविधा नहीं होगी.

कंपनी बिना स्क्रीन वाले स्मार्ट ग्लास पर भी काम कर रही है. ये म्यूजिक और कॉल के अलावा फोटोग्राफी, वीडियो और एआई आधारित विजुअल सुविधाओं को सपोर्ट कर सकते हैं. इसके साथ ही एपल एआई आधारित होम सिक्योरिटी कैमरा और ऑटोमेशन सिस्टम भी तैयार कर रहा है, जिसमें निजता का खास ध्यान रखा जाएगा.

आईफोन की 20वीं सालगिरह पर बड़ा बदलाव

आईफोन की 20वीं सालगिरह के मौके पर एपल एक बड़े डिजाइन बदलाव वाला मॉडल पेश करने की तैयारी कर रहा है. इसमें किनारों तक मुड़ा हुआ ग्लास और बेहद पतले बेजल दिए जा सकते हैं.

कंपनी पहले फोल्डेबल आईफोन के करीब एक साल बाद उसकी दूसरी पीढ़ी पर भी काम कर रही है. इसमें नई चिप मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा एपल फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देने वाले नए पहनने योग्य उपकरणों के डिजाइन पर भी काम कर रहा है. नया डिजाइन वाली एपल वॉच 2027 या उसके बाद आ सकती है. हाई-एंड मैकबुक प्रो के लिए एम7 प्रो और एम7 मैक्स चिप वाले नए मॉडल भी विकास के दौर में बताए जा रहे हैं.