LPG cylinder e-KYC: घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है. जिन लोगों ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की e-KYC नहीं कराई है, उन्हें 16 अगस्त के बाद सिलिंडर बुक करने में परेशानी हो सकती है. e-KYC नहीं होने पर गैस कनेक्शन की सेवाएं प्रभावित होने के साथ सब्सिडी का लाभ भी रुक सकता है.
पुराने और नए, दोनों तरह के घरेलू गैस ग्राहकों के लिए e-KYC कराना जरूरी बताया गया है. हालांकि, जिन उपभोक्ताओं ने हाल ही में e-KYC पूरी कर ली है, उन्हें इसे दोबारा कराने की जरूरत नहीं होगी.
किन गैस ग्राहकों को करानी होगी e-KYC?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए e-KYC जरूरी है. इसके अलावा भारत गैस, इंडेन और एचपी गैस के घरेलू कनेक्शन वाले ग्राहकों को भी अपना e-KYC अपडेट कराना होगा.
अगर आपने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, तो समय रहते इसे पूरा कर लेना बेहतर है. 16 अगस्त के बाद बिना e-KYC वाले कनेक्शन पर सिलिंडर बुकिंग की सुविधा प्रभावित हो सकती है.
घर बैठे कैसे करें LPG e-KYC?
गैस ग्राहक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से e-KYC करा सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड समेत जरूरी पहचान संबंधी दस्तावेज अपने पास रखें. घर बैठे e-KYC करने के लिए ग्राहक अपनी गैस कंपनी के मोबाइल ऐप या संबंधित ऑनलाइन सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
भारत गैस के ग्राहक Hello BPCL ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं. इंडेन के ग्राहक IndianOil ONE ऐप से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. वहीं, एचपी गैस के ग्राहक HP Pay ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं. ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करते समय ऐप पर मांगी गई जानकारी भरनी होगी और पहचान की पुष्टि करनी होगी.
गैस एजेंसी जाकर भी करा सकते हैं e-KYC
अगर आप ऑनलाइन e-KYC नहीं करना चाहते हैं, तो नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर भी यह काम कराया जा सकता है. गैस एजेंसी जाते समय अपना आधार कार्ड और मांगे गए जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं. वहां कर्मचारी आपकी पहचान की जांच करने के बाद e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
e-KYC नहीं कराने पर क्या होगा?
e-KYC पूरी नहीं होने पर 16 अगस्त के बाद एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग में दिक्कत आ सकती है. इसके अलावा जिन ग्राहकों को गैस सिलिंडर पर सब्सिडी मिलती है, उन्हें इसका लाभ भी प्रभावित हो सकता है. इसलिए अगर आपने अभी तक e-KYC नहीं कराई है तो इसे जल्द पूरा कर लें. जिन ग्राहकों की e-KYC पहले ही हो चुकी है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है.
ये भी पढ़ें- फ्री ऑनलाइन कोचिंग से लेकर न्यूक्लियर एनर्जी तक... लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी के कई बड़े ऐलान