PSL में नो एंट्री, बैन करेंगे... मोहसिन नकवी को ICC की वॉर्निंग, T20 वर्ल्ड कप से बाहर होगा पाकिस्तान?

टी20 वर्ल्ड कप को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहा है.

ICC warning to Mohsin Naqvi Pakistan will be out of T20 World Cup
Image Source: Social Media

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ बांग्लादेश तक सीमित नहीं रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के ताजा रुख के बाद यह मामला और गंभीर होता नजर आ रहा है. बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद जिस तरह पाकिस्तान ने उसका खुलकर समर्थन किया, उससे ICC और PCB के बीच टकराव की स्थिति बन गई है.

दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने यह मांग रखी थी कि सुरक्षा कारणों से उसके टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले भारत के बाहर किसी अन्य देश में कराए जाएं. बांग्लादेश ने यह तक कह दिया था कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई, तो वह वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगा. ICC ने इस पर जांच कराई, लेकिन भारत में किसी खतरे के संकेत न मिलने के बाद उसकी मांग खारिज कर दी. अंततः ICC ने सख्त फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.

बांग्लादेश के समर्थन में उतरा पाकिस्तान

बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने खुलकर उसका समर्थन किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप में खेलने या न खेलने का फैसला सरकार करेगी, न कि क्रिकेट बोर्ड. यही बयान ICC को नागवार गुजर गया.

पाकिस्तान का यह रुख ICC के लिए खतरे की घंटी माना जा रहा है, क्योंकि अगर कोई और टीम भी इसी तरह टूर्नामेंट से हटने की बात करती है, तो इससे पूरे आयोजन की साख पर असर पड़ सकता है.

ICC ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने पाकिस्तान को साफ चेतावनी दी है कि अगर वह भी टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला करता है, तो उस पर कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

सूत्रों के मुताबिक, ICC ने पाकिस्तान को यह संकेत दिया है कि किसी भी तरह का बहिष्कार भारी कीमत के साथ आएगा. संभावित प्रतिबंधों की सूची काफी लंबी बताई जा रही है.

PSL से लेकर एशिया कप तक हो सकता है नुकसान

ICC की चेतावनी के मुताबिक, अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से हटता है, तो उस पर निम्नलिखित कदम उठाए जा सकते हैं:

  • पाकिस्तान किसी भी देश के साथ द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज नहीं खेल पाएगा
  • पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में विदेशी खिलाड़ियों को NOC नहीं दिया जाएगा, जिससे लीग की गुणवत्ता और ब्रांड वैल्यू को गहरा झटका लगेगा

एशिया कप से भी बाहर किया जा सकता है

एक सूत्र ने कहा, “अगर पाकिस्तान भी बांग्लादेश की राह पर चलता है और वर्ल्ड कप से हटता है, तो ICC सख्त कार्रवाई करेगा. इसमें इंटरनेशनल क्रिकेट से अलगाव, PSL में विदेशी खिलाड़ियों की नो एंट्री और एशिया कप से बैन जैसे फैसले शामिल हो सकते हैं.”

मोहसिन नकवी के बयान से बढ़ा विवाद

ICC की नाराजगी की एक बड़ी वजह मोहसिन नकवी का बयान भी माना जा रहा है. नकवी ने बांग्लादेश के साथ हुए व्यवहार को “अन्यायपूर्ण” बताते हुए ICC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था.

उन्होंने कहा था कि, “बांग्लादेश के साथ गलत हुआ है. एक देश जब चाहे फैसले बदल सकता है, लेकिन दूसरे देश के लिए नियम अलग क्यों हैं? बांग्लादेश ICC का अहम सदस्य है और उसके साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए.”

ICC पर दबाव में फैसले लेने का आरोप

मोहसिन नकवी ने यह सवाल भी उठाया कि अंतरराष्ट्रीय संस्था आखिर किन आधारों पर ऐसे फैसले लेती है. उन्होंने इशारों-इशारों में आरोप लगाया कि कोई एक देश ICC पर अनुचित दबाव डाल रहा है.

नकवी ने कहा, “एक देश शर्तें तय कर रहा है. जब पाकिस्तान और भारत के मामलों में ICC ने अपने फायदे के लिए वेन्यू बदले थे, तो बांग्लादेश के लिए ऐसा क्यों नहीं किया गया?”

उनके इस बयान को ICC के फैसलों की निष्पक्षता पर सीधा सवाल माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- पूर्व PCB चीफ ने ICC को बताया 'इंडियन क्रिकेट काउंसिल', T20 वर्ल्ड कप को बॉयकॉट करेगा पाकिस्तान?