'असीम मुनीर सम्मानित जनरल, मैंने भारत-पाकिस्‍तान के बीच परमाणु युद्ध रोका...' ट्रंप का एक और खोखला दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ और CDF फील्ड मार्शल असीम मुनीर की जमकर तारीफ की और उन्हें “बेहद सम्मानित जनरल” बताया.

I stopped nuclear war between India and Pakistan said Trump
Image Source: Social Media

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ और CDF फील्ड मार्शल असीम मुनीर की जमकर तारीफ की और उन्हें “बेहद सम्मानित जनरल” बताया. ट्रंप ने सोमवार को फ्लोरिडा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु युद्ध को रोकने में मदद की थी. कार्यक्रम में अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और नेवी सेक्रेटरी जॉन फेलन भी मौजूद थे.

ट्रंप ने कहा, “यह एक बेहद सम्मानित जनरल हैं, जो फील्ड मार्शल हैं. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उन्हें 1 करोड़ लोगों की जान बचाने का श्रेय दिया है.” इसके साथ ही उन्होंने इस घटना का विवरण देते हुए कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान आठ विमान गिराए गए थे और युद्ध भड़कने की स्थिति बन रही थी.

ट्रंप के दावे: कितने युद्ध रोके

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अब तक उन्होंने आठ युद्ध रोकने में भूमिका निभाई है. उन्होंने यह भी कहा कि अब तक का एकमात्र युद्ध जो उन्होंने हल नहीं किया, वह रूस-यूक्रेन युद्ध है. इसी कार्यक्रम में ट्रंप ने अपने “ट्रंप क्लास” युद्धपोतों की योजना का भी जिक्र किया, जो भविष्य में अमेरिकी नौसेना की ताकत बढ़ाएंगे.

ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले युद्ध को रोकने में अहम भूमिका निभाई. यह युद्ध भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भड़कने वाला था. ऑपरेशन सिंदूर 7 मई को शुरू हुआ था और यह पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में आयोजित किया गया था. इस ऑपरेशन में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया.

भारत ने ट्रंप के दावे को खारिज किया

हालांकि, भारत ने ट्रंप के इस दावे को खारिज किया है. नई दिल्ली ने स्पष्ट किया कि मई में चार दिनों तक चले तनाव के दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य संवाद चैनलों के माध्यम से शांति स्थापित की गई. भारत ने बताया कि भारी नुकसान की आशंका के बाद पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिटी ऑपरेशंस (DGMO) ने भारतीय DGMO से संपर्क किया. इसके बाद दोनों पक्षों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई.

इस घटना ने यह स्पष्ट किया कि दूसरे देशों के हस्तक्षेप की बजाय, क्षेत्रीय संवाद और सैन्य चैनल ही भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को कम करने का मुख्य माध्यम बने.

ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप का दावा

ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य आतंकवादियों के नेटवर्क को निशाना बनाना था. ट्रंप का दावा है कि इस ऑपरेशन के दौरान उन्होंने व्यापार नीतियों और डिप्लोमेसी के जरिए युद्ध को नियंत्रित किया. उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि असीम मुनीर ने संकट की स्थिति में अत्यधिक संयम और पेशेवर नेतृत्व दिखाया.

ट्रंप ने इस मौके पर कहा, “मैंने पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु हथियारों का इस्तेमाल होने से रोकने में मदद की. यह एक बेहद संवेदनशील और खतरनाक स्थिति थी, लेकिन सफलतापूर्वक इसे टाला गया.”

ये भी पढ़ें- H1B और H-4 वीजा पर बढ़ी अमेरिका की सख्ती, सोशल मीडिया भी किया जाएगा चेक, भारत पर क्या होगा असर?