ग्वालियर में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात, पति ने सरेआम पत्नी को गोलियों से भूना, पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर दबोचा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार दोपहर एक भयावह घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया. रूप सिंह स्टेडियम के सामने एक युवक ने एक महिला को रोककर उसके चेहरे पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया.

Husband fires multiple shots at wife s face in Gwalior
Image Source: Social Media

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार दोपहर एक भयावह घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया. रूप सिंह स्टेडियम के सामने एक युवक ने एक महिला को रोककर उसके चेहरे पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया. इस अचानक हुए हमले से वहां अफरातफरी मच गई. पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर पिस्टल तान दी. पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया.

गंभीर घायल महिला, इलाज जारी

हमले में घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसके शरीर के कई हिस्सों में 4-5 गोलियां लगी हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा करने की कोशिश कर रही है.

क्या है इस वारदात के पीछे का कारण?

गोली चलाने वाले आरोपी का नाम अरविंद परिहार है. अरविंद ने नंदिनी परिहार से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी. लेकिन नंदिनी ने आरोप लगाया कि अरविंद पहले से शादीशुदा है और उसने धोखे से उससे शादी की. नंदिनी ने इस बात को लेकर 9 सितंबर को एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. इससे पहले भी 16 नवंबर 2024 को अरविंद और उसकी दोस्त पूजा परिहार ने नंदिनी पर हमला किया था, जिसका केस अभी न्यायालय में विचाराधीन है.

जान से मारने की धमकियां और उत्पीड़न

नंदिनी ने पुलिस को बताया कि अरविंद की दोस्त पूजा सोशल मीडिया पर उनकी फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल कर रही है, जो उनके परिवार तक पहुंच रही हैं. विरोध करने पर अरविंद ने जान से मारने की धमकी भी दी. नंदिनी के मुताबिक अरविंद उनके परिवार वालों को भी परेशान करता है और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करता रहता है.

पहले भी हुई जानलेवा कोशिश

अरविंद ठेकेदार है और लगभग 10 महीने पहले उसने नंदिनी, उसके बेटे और मां को कार से कुचलने की कोशिश की थी. उस वक्त तीनों थाने में अरविंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर लौट रहे थे. आरोपी ने अपनी कार को कई बार पीछे की तरफ बढ़ाया, लेकिन एक राहगीर ने अपनी कार बीच में रोककर हमले को नाकाम कर दिया था.

पुलिस की सख्त कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है. आरोपी के कब्जे से पिस्टल भी बरामद हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

ये भी पढ़ें: इंतजार खत्म! लाडली बहना योजना की 28वीं किस्त जारी, CM मोहन ने ट्रांसफर किए 1541 करोड़, ऐसे करें चेक