Toxic: यश की फिल्म 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. मुंबई में फिल्म की मांग इतनी ज्यादा है कि कई सिनेमाघरों में सुबह जल्दी और देर रात के अतिरिक्त शो शुरू किए गए हैं. वहीं मुंबई और बेंगलुरु में कुछ प्रीमियम शो के टिकटों की कीमत भी काफी बढ़ गई है.
मुंबई में बढ़ाए गए 'टॉक्सिक' के शो
यश की पिछली फिल्म 'केजीएफ 2' बड़ी हिट रही थी. इसके बाद फैंस लंबे समय से उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे थे. अब करीब चार साल बाद यश 'टॉक्सिक' से बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. फिल्म के ट्रेलर के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर काफी उत्साह है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग 21 अगस्त से शुरू हुई थी. बुकिंग में मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स को देखते हुए मुंबई के कई सिनेमाघरों ने शो की संख्या बढ़ा दी है. कुछ जगहों पर सुबह 6 बजे से शो रखे गए हैं, जबकि कुछ सिनेमाघरों में रात 11:45 बजे तक के शो भी जोड़े गए हैं. फिल्म के रिलीज वाले दिन के कई शो पहले ही लगभग भर चुके हैं.
2600 रुपये तक पहुंची टिकट की कीमत
फिल्म की भारी मांग का असर टिकट की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है. मुंबई और बेंगलुरु में कुछ खास प्रीमियम स्क्रीनिंग के टिकट काफी महंगे हो गए हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में टैक्स मिलाकर सबसे महंगा टिकट करीब 2600 रुपये तक पहुंच गया है. वहीं बेंगलुरु में प्रीमियम स्क्रीनिंग के टिकट की कीमत करीब 2181 रुपये बताई जा रही है. दोनों शहरों के कई मल्टीप्लेक्स में टिकट 1500 रुपये से ज्यादा कीमत में बिक रहे हैं.
क्या है 'टॉक्सिक' की कहानी?
'टॉक्सिक' का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. इसे गैंगस्टर और एक्शन ड्रामा फिल्म बताया जा रहा है. फिल्म की कहानी 1940 के दशक की शुरुआत से लेकर 1970 के दशक के बीच गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है.
यश फिल्म में राया और उसके बेटे की भूमिका में नजर आएंगे. कहानी में दोनों के रिश्ते को अहम जगह दी गई है. फिल्म में अपराध की दुनिया, दुश्मनी, परिवार और बदलती वफादारी के बीच की कहानी दिखाई जाएगी.
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
'टॉक्सिक' में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसे कन्नड़, अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा.
'टॉक्सिक' को मिला 'ए' सर्टिफिकेट
सेंसर बोर्ड ने 'टॉक्सिक' को बिना किसी कट के मंजूरी दी है. फिल्म को 'ए' सर्टिफिकेट दिया गया है. इसका मतलब है कि फिल्म को केवल वयस्क दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे.
ये भी पढ़ें- समंदर तक पहुंची धरती की आग! रिकॉर्ड स्तर पर महासागरों का तापमान, अल नीनो और ग्लोबल वार्मिंग का खतरा?