Hero MotoCorp ने अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक Glamour X 125 को अब और सुरक्षित बना दिया है. कंपनी ने इसका नया सिंगल-चैनल ABS वेरिएंट भारतीय बाजार में उतार दिया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.01 लाख रुपये रखी गई है. खास बात यह है कि नए मॉडल में ABS के साथ Integrated Braking System (IBS) भी दिया गया है. मौजूदा डिस्क वेरिएंट के मुकाबले इसकी कीमत सिर्फ 1,000 रुपये ज्यादा है, ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से यह ग्राहकों के लिए काफी आकर्षक विकल्प बन सकता है.
ABS के साथ फीचर्स की लंबी लिस्ट
नए ABS वेरिएंट में कंपनी ने बाइक के मौजूदा फीचर्स को बरकरार रखा है. Glamour X 125 में Eco, Road और Power तीन राइडिंग मोड्स मिलते हैं, जबकि हाईवे राइडिंग को आसान बनाने के लिए क्रूज कंट्रोल भी दिया गया है. बाइक में 10.7 सेमी का अडैप्टिव फुल-कलर इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलता है, जो रियल-टाइम माइलेज, डिस्टेंस-टू-एम्प्टी और गियर शिफ्ट एडवाइजरी जैसी जानकारियां दिखाता है. Bluetooth कनेक्टिविटी के जरिए टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, ETA और कॉल-एसएमएस अलर्ट भी मिलते हैं.
सेफ्टी में भी नहीं छोड़ी कोई कसर
Glamour X 125 में पैनिक ब्रेक अलर्ट सिस्टम भी मौजूद है, जो अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे चल रहे वाहनों को चेतावनी देने के लिए LED इंडिकेटर्स को तेजी से फ्लैश करता है. इसके साथ Hazard Lamps भी मिलते हैं. बाइक में Hero की सिग्नेचर H-शेप फुल LED लाइटिंग, Type-C USB चार्जिंग पोर्ट और सीट के नीचे स्टोरेज स्पेस जैसी रोजमर्रा के काम आने वाली सुविधाएं भी दी गई हैं.
इंजन वही, लुक में नए रंग
मैकेनिकल तौर पर नए वेरिएंट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें Hero का Sprint-EBT इंजन मिलता है, जो 8,250 rpm पर 11.4 BHP यानी 8.5 kW की पावर देता है. बाइक में वाइड हैंडलबार, कम सीट हाइट और लंबी-सपाट सीट जैसी खूबियां बरकरार हैं. वहीं लुक को नया टच देने के लिए कंपनी ने Gun Metal Grey और Matte Axis Grey जैसे दो नए स्पोर्टी कलर जोड़े हैं, जो Black Pearl Red और Black Teal Blue के साथ उपलब्ध होंगे.
Raider और CB125 Hornet को मिलेगी सीधी टक्कर
ABS मिलने के बाद Hero Glamour X 125 अब 125cc सेगमेंट में TVS Raider 125 और Honda CB125 Hornet जैसी बाइक्स को सीधी टक्कर देने की स्थिति में आ गई है. इस सेगमेंट में ये दोनों मॉडल पहले से ABS के साथ उपलब्ध हैं. Hero अपनी Xtreme 125R में भी चुनिंदा वेरिएंट्स पर ABS देता है. वहीं Glamour X 125 के लाइनअप में ड्रम और दूसरे वेरिएंट भी पहले की तरह बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे.
ये भी पढ़ें: BMW 7 Series Facelift की धांसू एंट्री, दमदार फीचर्स से है लैस, कीमत जानकर रह जाएंगे दंग