लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए BMW ने भारत में अपनी प्रीमियम सेडान 7 सीरीज का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 1.95 करोड़ रुपये रखी गई है. कंपनी ने इसके साथ इलेक्ट्रिक वर्जन i7 को भी भारतीय बाजार में उतारा है, जिसकी शुरुआती कीमत भी 1.95 करोड़ रुपये है. दोनों मॉडल को अभिनेता रणवीर सिंह ने लॉन्च किया, जिन्हें BMW ने अपना ब्रांड एम्बेसडर भी बनाया है.
नया लुक पहले से ज्यादा रॉयल
नई BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर में कई बड़े बदलाव किए गए हैं. कार के फ्रंट हिस्से को खास तौर पर नया डिजाइन दिया गया है, जिसमें अपडेटेड स्प्लिट हेडलाइट्स और पहले से ज्यादा स्क्वायर शेप वाली ग्रिल शामिल है. ग्रिल में हॉरिजॉन्टल स्लैट्स दिए गए हैं, जबकि चारों तरफ इल्यूमिनेटेड सराउंड इसे रात में भी अलग और प्रीमियम लुक देता है.
अंदर से बना हाई-टेक लग्जरी लाउंज
कार के केबिन को भी नए जमाने की टेक्नोलॉजी और लग्जरी के साथ अपडेट किया गया है. इसका इंटीरियर BMW के Neue Klasse मॉडल से प्रेरित नजर आता है. डैशबोर्ड पर 17.9 इंच का बड़ा टचस्क्रीन और पैसेंजर के लिए 14.6 इंच की स्क्रीन दी गई है. पिलर-टू-पिलर विजन डिस्प्ले, नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और रियर पैसेंजर्स के लिए काफ सपोर्ट भी मिलता है. वहीं, छत पर लगी 31.3 इंच की 8K स्क्रीन पीछे बैठने वालों को थिएटर जैसा अनुभव देने की कोशिश करती है.
फीचर्स में भी नहीं छोड़ी कोई कसर
BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट को फीचर्स के मामले में भी काफी प्रीमियम बनाया गया है. इसमें Bowers & Wilkins का 35-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, पावर्ड गेट्स और पैनोरमिक ग्लास रूफ जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा सीटों में हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन दिया गया है, जिससे कार का केबिन लंबी यात्रा के दौरान भी लग्जरी लाउंज जैसा अनुभव देने का दावा करता है.
पेट्रोल के साथ इलेक्ट्रिक पावर का विकल्प
परफॉर्मेंस के लिए 7 सीरीज फेसलिफ्ट में माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ 3.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है. वहीं, इलेक्ट्रिक BMW i7 eDrive 50 में 450bhp की पावर और 600Nm का टॉर्क मिलता है. इसमें 112.5kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 728 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम होने का दावा किया गया है.
ये भी पढ़ें: BRICS समिट के लिए अपने साथ कार ला रहे Xi Jinping, फीचर्स जानकर उड़ जाएंगे होश