Faridabad Fire: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. मुजेसर इलाके में एक तेल और केमिकल के गोदाम में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में करीब 50 लोग बुरी तरह झुलस गए.
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आग पर काबू पाने के दौरान फायर ब्रिगेड के कई जवान भी झुलस गए. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
#WATCH | Ghaziabad | Fire breaks out in two factories in the Sahibabad Industrial Area Site 4. Fire ntenders present at the spot. Efforts are underway to douse the fire. pic.twitter.com/XWBYHQ7IlW
— ANI (@ANI) February 16, 2026
कैसे लगी आग
जानकारी के अनुसार, कालका मशीन नाम की एक वर्कशॉप के सामने तेल और केमिकल से भरे ड्रम रखे हुए थे. वर्कशॉप के अंदर मौजूद सीएनसी मशीन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ. इसी से आग भड़क उठी.
आग की लपटें वर्कशॉप से बाहर रखे ड्रमों तक पहुंच गईं. केमिकल और तेल के कारण आग और तेज हो गई. कुछ ही देर में कई धमाके हुए, जिससे वहां काम कर रहे लोग झुलस गए. आसपास से गुजर रहे राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए.
24 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की करीब 24 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की. आग बुझाने के दौरान फायर टीम के कई जवान भी झुलस गए. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
अस्पतालों में भर्ती घायलों की हालत
मिली जानकारी के अनुसार, 32 लोगों को एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है. बाकी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जिन मरीजों की हालत ज्यादा गंभीर है, उन्हें इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया जा रहा है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है. प्रशासन ने भी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है.
कई वाहन भी जले
इस भीषण आग में आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं. दर्जनभर से ज्यादा वाहन, जिनमें बाइक और जेसीबी मशीन शामिल हैं, पूरी तरह जल गए. हादसे की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार साफ दिखाई दे रहा है. पूरा इलाका धुएं से भर गया था.
जांच के आदेश
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट आग लगने की मुख्य वजह है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं. घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है.
ये भी पढ़ें- टी20 विश्व कप में राशिद खान ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले गेंदबाज; इन दिग्गजों को पछाड़ा