इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारतीय महिला टीम को भले ही हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच ने भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल भी दिया. टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैदान पर कदम रखते ही ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक महिला क्रिकेट में किसी और खिलाड़ी के नाम नहीं था. करीब 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद हरमनप्रीत अब महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं.
सुजी बेट्स को पीछे छोड़कर नंबर-1 बनीं हरमनप्रीत
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में उतरते ही हरमनप्रीत कौर ने अपने करियर का 368वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला. इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सुजी बेट्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने अपने करियर में 367 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे.
हरमनप्रीत अब महिला क्रिकेट में तीनों प्रारूपों को मिलाकर सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन चुकी हैं. इससे पहले वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी थीं. उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ा था, जिनके नाम 333 अंतरराष्ट्रीय मैच दर्ज हैं.
पाकिस्तान के खिलाफ हुई थी अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत
हरमनप्रीत कौर का अंतरराष्ट्रीय सफर साल 2009 में शुरू हुआ था. उन्हें पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम में मौका मिला. हालांकि अपने डेब्यू मैच में उन्हें बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला क्योंकि भारतीय टीम ने मुकाबला आसानी से जीत लिया था.
इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ नवंबर 2009 में उन्होंने पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्लेबाजी की और आठ रन बनाए. उसी वर्ष उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी पदार्पण किया. धीरे-धीरे उन्होंने खुद को टीम का अहम हिस्सा बनाया और फिर भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शुमार हो गईं. साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद उन्होंने तीनों फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कई यादगार पारियां खेलीं.
हरमनप्रीत कौर का शानदार करियर
हरमनप्रीत कौर का करियर उपलब्धियों से भरा रहा है. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने सात मैचों में 230 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है. वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन और भी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 164 मुकाबलों में 4541 रन बनाए हैं, जिनमें सात शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं.
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनका दबदबा देखने को मिला है. इस प्रारूप में वह 197 मैच खेल चुकी हैं और 4000 से अधिक रन अपने नाम कर चुकी हैं. लंबे समय तक टीम की रीढ़ बनी रहने वाली हरमनप्रीत ने कई बार मुश्किल परिस्थितियों में भारत को जीत दिलाई है.
अब टी20 विश्व कप 2026 पर नजर
रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद अब हरमनप्रीत कौर की अगली चुनौती आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 होगी. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम टूर्नामेंट में उतरने जा रही है और उम्मीदें एक बार फिर उनसे जुड़ी होंगी.
दिलचस्प बात यह है कि हरमनप्रीत उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जो महिला टी20 विश्व कप के शुरुआती संस्करण से लेकर अब तक लगातार खेल रही हैं. दुनिया भर में सिर्फ सात खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की है और हरमन उनमें से एक हैं. अब तक वह नौ टी20 विश्व कप खेल चुकी हैं और आगामी टूर्नामेंट उनका दसवां विश्व कप होगा. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने 39 मैचों में 726 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: टीम इंडिया में बड़ा बदलाव संभव, सिराज की जगह 6 फीट 5 इंच का खिलाड़ी कर सकता है डेब्यू