IND vs AFG: टीम इंडिया में बड़ा बदलाव संभव, सिराज की जगह 6 फीट 5 इंच का खिलाड़ी कर सकता है डेब्यू

IND vs AFG Test Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की फिटनेस और वर्कलोड पर टीम मैनेजमेंट नजर बनाए हुए है.

IND vs AFG A big change possible for Team India Aaqib Nabi could make his debut in place of Siraj
Image Source: ANI/ File

IND vs AFG Test Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की फिटनेस और वर्कलोड पर टीम मैनेजमेंट नजर बनाए हुए है. अगले 48 घंटों में यह तय किया जाएगा कि सिराज इस मैच में खेलेंगे या उन्हें आराम दिया जाएगा.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिराज लंबे समय से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए पूरे सीजन सभी मैच खेले थे और 31 मई को फाइनल में भी मैदान पर उतरे थे. ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम देने पर विचार कर सकता है.

सिराज नहीं खेले तो किसे मिलेगा मौका?

अगर मोहम्मद सिराज को आराम दिया जाता है तो जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है. हालांकि वह अभी आधिकारिक टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन टीम इंडिया के कैंप से जुड़ चुके हैं और तैयारी में हिस्सा ले रहे हैं.

आकिब नबी घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को खिताब जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें भारतीय टीम के साथ नेट बॉलर के रूप में बुलाया गया है.

गुरनूर बराड़ कर सकते हैं टेस्ट डेब्यू

अगर सिराज को आराम दिया जाता है तो युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है. टीम मैनेजमेंट पूरी तरह अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण मैदान पर नहीं उतारना चाहता, इसलिए अंतिम फैसला काफी सोच-समझकर लिया जाएगा.

सूत्रों के अनुसार, सिराज के आराम करने की स्थिति में गुरनूर बराड़ प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे, जबकि आकिब नबी को टीम स्क्वॉड में जगह मिल सकती है.

नेट्स में इन खिलाड़ियों को भी मिला मौका

भारतीय टीम की तैयारी में मदद के लिए कुछ अन्य गेंदबाजों को भी नेट्स में बुलाया गया है. इनमें तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह और प्रिंस यादव शामिल हैं. वहीं स्पिन विभाग में सारांश जैन, जीशान अंसारी और शिवांग कुमार भी टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं.

गौरतलब है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाने वाला यह एकमात्र टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है.

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़ और मोहम्मद सिराज.

ये भी पढ़ें- NZ vs IND Schedule: 5 T20, 5 ODI और 2 टेस्ट... न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ शेड्यूल का किया ऐलान