हैदर और खैबर क्या है, जिसके नाम पर खामेनेई ने किया जंग का ऐलान? इतिहास से है कनेक्शन

मध्य पूर्व में छिड़ी ईरान-इजरायल जंग अब सिर्फ सैन्य या राजनीतिक नहीं रही—अब इसमें धार्मिक प्रतीकों और ऐतिहासिक सन्दर्भों की गूंज भी सुनाई दे रही है.

Haider Khyber Khamenei declared war connection with history
खामेनेई | Photo: X/Khamenei

मध्य पूर्व में छिड़ी ईरान-इजरायल जंग अब सिर्फ सैन्य या राजनीतिक नहीं रही—अब इसमें धार्मिक प्रतीकों और ऐतिहासिक सन्दर्भों की गूंज भी सुनाई दे रही है. इस संघर्ष के छठे दिन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने एक भड़काऊ और प्रतीकात्मक पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की, जो सीधे तौर पर एक नए दौर की जंग का संकेत देती है.

खामेनेई का संदेश: “हैदर के नाम पर जंग शुरू”

अपने पोस्ट में खामेनेई ने लिखा: "महान हैदर के नाम पर, लड़ाई शुरू होती है. अली अपनी जुल्फिकार के साथ खैबर लौटते हैं." यह महज एक धार्मिक वाक्य नहीं, बल्कि गहराई से रणनीतिक और प्रतीकात्मक भाषा थी, जिसका उद्देश्य ईरानियों को धार्मिक भावना से जोड़ते हुए इस युद्ध को पवित्र संघर्ष की शक्ल देना है.

इन चार शब्दों की गूंज: हैदर, अली, जुल्फिकार और खैबर

1. हैदर और अली

‘हैदर’ दरअसल हज़रत अली का उपनाम है, जिन्‍हें शिया इस्लाम में पहला इमाम और सुन्नी इस्लाम में चौथा खलीफा माना जाता है. ‘अली’ शब्द का अर्थ होता है ‘शेर’ — यानी साहस और युद्ध कौशल का प्रतीक. इस नाम का युद्ध के संदर्भ में प्रयोग, अनुयायियों में भावनात्मक ऊर्जा भरने का माध्यम बनता है.

2. जुल्फिकार

यह वह दोधारी तलवार थी, जो इस्लामी परंपरा में हज़रत अली को मिली मानी जाती है. जुल्फिकार का जिक्र अक्सर युद्ध, न्याय और धार्मिक विजय के प्रतीक के रूप में होता है. इसका उपयोग दर्शाता है कि ईरान खुद को एक धार्मिक न्याय युद्ध में संलग्न मान रहा है.

3. खैबर

‘खैबर’ एक ऐतिहासिक युद्ध का नाम है, जो 628 ईस्वी में पैगंबर मोहम्मद के नेतृत्व में लड़ा गया था. इस युद्ध में यहूदी क़बीलों को हराकर एक शक्तिशाली किला जीता गया था. ईरानी नैरेटिव में खैबर का जिक्र, इजरायल के खिलाफ आज की लड़ाई को धार्मिक प्रतिशोध से जोड़ता है.

जंग को धर्म से जोड़ने की रणनीति

खामेनेई की यह पोस्ट यह दर्शाती है कि ईरान इस संघर्ष को सिर्फ राजनीतिक या सैन्य मोर्चे पर नहीं, बल्कि धार्मिक चेतना के स्तर पर भी भुनाना चाहता है. खैबर, अली, और जुल्फिकार जैसे शब्दों का इस्तेमाल न केवल अतीत की जीतों की याद दिलाता है, बल्कि ईरानियों को इस जंग में धार्मिक उत्तराधिकारी के रूप में प्रस्तुत करता है.

इजरायल की प्रतिक्रिया और बढ़ता तनाव

हालांकि, इस धार्मिक बयानबाज़ी से इजरायल में चिंता की लहर है. खैबर का उल्लेख इस्लामी प्रदर्शनकारियों द्वारा यहूदियों को चेतावनी देने के लिए पहले भी इस्तेमाल किया गया है, जैसे कि नारे — “खैबर, खैबर, ओ यहूद, मुहम्मद की सेना लौटेगी.” अब जब इस्लामी प्रतीकों के सहारे युद्ध की भाषा बोली जा रही है, इससे यह साफ है कि ईरान इस लड़ाई को मजहबी जंग की शक्ल देना चाहता है, जहां दुश्मन केवल एक देश नहीं, बल्कि एक समुदाय के रूप में दर्शाया जा रहा है.

ये भी पढ़ेंः ईरान के परमाणु ठिकानों पर इजरायल का कहर, 50 से अधिक फाइटर जेट्स से हमला; अमेरिका भी करेगा अटैक?