GT vs RR Qualifier-2: आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. आज शुक्रवार, 29 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वालीफायर-2 का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच सिर्फ एक जीत या हार का मुकाबला नहीं, बल्कि फाइनल में पहुंचने की आखिरी जंग है. जो टीम आज जीत हासिल करेगी, वह सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम का खिताब जीतने का सपना यहीं खत्म हो जाएगा.
क्रिकेट फैंस की नजरें इस मुकाबले पर टिकी हुई हैं, क्योंकि दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ियों की लंबी फौज मौजूद है. एक तरफ शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस है, जो पिछले मैच की करारी हार को भूलकर वापसी करना चाहेगी. दूसरी ओर रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है और लगातार जीत के साथ मैदान में उतरेगी.
पिछली हार को भुलाकर वापसी करना चाहेगी गुजरात
गुजरात टाइटंस ने लीग स्टेज में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था. टीम पूरे सीजन संतुलित नजर आई, लेकिन क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली बड़ी हार ने टीम को बड़ा झटका दिया. उस मुकाबले में गुजरात की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों दबाव में बिखरती नजर आई थीं.
अब शुभमन गिल की टीम उस हार से सबक लेकर मैदान में उतरना चाहेगी. गुजरात के पास कई अनुभवी और विस्फोटक खिलाड़ी मौजूद हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. जोस बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी, राशिद खान का अनुभव, मोहम्मद सिराज की तेज गेंदबाजी और कैगिसो रबाडा की धार टीम को मजबूत बनाती है.
टीम मैनेजमेंट की कोशिश होगी कि शुरुआती विकेट बचाकर बड़े स्कोर की नींव रखी जाए और फिर मध्यक्रम में तेजी से रन जोड़े जाएं. गेंदबाजी विभाग में भी गुजरात को शुरुआती विकेट निकालने होंगे, क्योंकि राजस्थान की बल्लेबाजी इस समय बेहतरीन लय में दिखाई दे रही है.
जीत की लय में राजस्थान रॉयल्स
दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ उतर रही है. टीम लगातार तीन मैच जीत चुकी है और खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा है. एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया था.
युवा कप्तान रियान पराग इस सीजन में शानदार नेतृत्व करते नजर आए हैं. बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी ने सभी को प्रभावित किया है. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने जिस तरह निडर होकर बल्लेबाजी की है, उसने उन्हें इस सीजन का बड़ा स्टार बना दिया है.
इसके अलावा यशस्वी जायसवाल की आक्रामक शुरुआत, ध्रुव जुरेल की जिम्मेदार बल्लेबाजी और जोफ्रा आर्चर की तेज रफ्तार गेंदबाजी राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है. टीम का संतुलन इस समय काफी मजबूत दिखाई दे रहा है और यही वजह है कि राजस्थान लगातार जीत दर्ज करने में सफल रही है.
बल्लेबाजों के लिए मददगार हो सकती है पिच
मुल्लांपुर की पिच इस सीजन बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल साबित हुई है. यहां खेले गए मुकाबलों में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं. पिछले पांच मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 220 रन रहा है, जो यह बताता है कि बल्लेबाज यहां खुलकर शॉट खेल सकते हैं.
इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स ने पिछले मैच में 243 रन का विशाल स्कोर बनाया था. पिच पर शुरुआती ओवरों में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और तेज गेंदबाजों को हल्का बाउंस भी मिलता है. हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाज भी प्रभाव छोड़ सकते हैं.
नॉकआउट मुकाबले का दबाव देखते हुए संभावना है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करे, ताकि बड़े स्कोर का दबाव दूसरी टीम पर बनाया जा सके.
आंकड़ों में गुजरात का पलड़ा भारी
अगर दोनों टीमों के बीच पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन राजस्थान के खिलाफ बेहतर रहा है. आईपीएल इतिहास में अब तक दोनों टीमों के बीच 10 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 7 मैचों में जीत हासिल की है. वहीं राजस्थान को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है.
हालांकि इस सीजन में दोनों टीमें एक-दूसरे को एक-एक बार हराने में सफल रही हैं. यही वजह है कि आज का मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ माना जा रहा है. दोनों टीमों के पास मजबूत बल्लेबाजी और मैच जिताने वाले गेंदबाज मौजूद हैं, इसलिए मुकाबला बेहद कांटे का हो सकता है.
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सबसे ज्यादा नजरें
आज के मुकाबले में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनका प्रदर्शन मैच का नतीजा तय कर सकता है.
गुजरात के लिए शुभमन गिल और जोस बटलर की शुरुआत बेहद अहम होगी. अगर दोनों बल्लेबाज पावरप्ले में तेजी से रन बनाते हैं तो राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ सकता है. वहीं राशिद खान मध्य ओवरों में मैच पलटने की क्षमता रखते हैं.
राजस्थान की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. अगर दोनों बल्लेबाज तेज शुरुआत देते हैं तो राजस्थान बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है. गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर की गति और नांद्रे बर्गर की स्विंग गुजरात के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकती है.
संभावित प्लेइंग इलेवन
गुजरात टाइटंस
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल तेवतिया
राजस्थान रॉयल्स
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा.
इम्पैक्ट प्लेयर: सुशांत मिश्रा या शुभम दुबे
ये भी पढ़ें- कागज नहीं अब प्लास्टिक के होंगे भारतीय नोट! RBI कर रहा पॉलिमर करेंसी लाने की तैयारी, जानें वजह