पंजाब के मोगा जिले में एक ऐसा धोखा सामने आया है जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं. यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार की भावनाओं से जुड़े सपनों को तोड़ने वाला है. अमृतसर से मोगा तक बरात लेकर आए दूल्हे के साथ जो हुआ, वह आजकल ऑनलाइन और फर्जी रिश्तों के बढ़ते चलन पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.
न दुल्हन मिली, न घर मिला
अमृतसर के सुल्तानविंडी गांव से एक युवक अपनी बरात लेकर पूरे धूमधाम के साथ 40-45 बरातियों सहित मोगा पहुंचा. लड़की के बताए पते – मोगा बस स्टैंड के पास, गली नंबर-6 – पर जब बरात पहुंची, तो वहां न कोई सजावट दिखी, न ही शादी का कोई माहौल. पहले तो सबको लगा शायद वे गलत पते पर आ गए हैं, लेकिन जब आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और दुल्हन की तस्वीरें दिखाई गईं, तो उन्होंने साफ कह दिया कि यहां इस नाम या शक्ल की कोई लड़की नहीं रहती.
कहीं नहीं मिला शादी का वेन्यू
दूल्हे के परिवार की हैरानी तब और बढ़ गई जब उन्होंने इलाके में घंटों घूमकर लड़की के घर और शादी के वेन्यू को तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. दूल्हे के पिता सुखजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने हर कोना छान मारा, लेकिन न लड़की का नाम दिखा और न वेडिंग कार्ड में छपा वेन्यू.
शादी के नाम पर मिला धोखा
परिवार का कहना है कि यह रिश्ता उनके जान-पहचान वालों के माध्यम से तय हुआ था और लड़की यूके में रहती थी. दोनों की रोजाना फोन पर बातचीत होती थी और शादी की प्लानिंग भी हो रही थी. लड़की ने बताया था कि वह मोगा की रहने वाली है और वहीं शादी आयोजित होगी. सब कुछ तय होने के बाद भी जब ऐसा धोखा मिला, तो परिवार का भरोसा ही टूट गया. हालांकि अभी तक इस मामले में मोगा पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान और ISI के लिए जासूसी के आरोप में एक और यूट्यूबर मोहाली से गिरफ्तार