Google ने छात्रों के लिए लॉन्च किए नए AI टूल्स, NEET-JEE समेत इन परीक्षाओं की तैयारी होगी आसान

Google ने छात्रों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान बनाने के लिए कई नए AI टूल्स पेश किए हैं.

Google launches new AI tools for students NEET JEE GRE prep tools Sundar Pichai
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

नई दिल्ली: Google ने छात्रों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान बनाने के लिए कई नए AI टूल्स पेश किए हैं. इन टूल्स को खास तौर पर उन परीक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिनकी तैयारी बड़ी संख्या में छात्र करते हैं. Alphabet के CEO सुंदर पिचाई ने बताया कि Google 140 से ज्यादा देशों के कॉलेज छात्रों को मुफ्त Google AI सब्सक्रिप्शन भी देगा.

सुंदर पिचाई ने दी जानकारी

अब NEET, JEE, GRE, SAT, AP और MCAT जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र घर बैठे अपनी जरूरत के हिसाब से पढ़ाई कर सकेंगे. इसके लिए Google Search, Gemini, YouTube और कंपनी के दूसरे शिक्षा से जुड़े टूल्स का इस्तेमाल किया जा सकेगा.

सुंदर पिचाई ने X पर एक पोस्ट के जरिए नए फीचर्स की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि Google Search अब SAT, ACT, AP, ENEM, GRE, JEE, LSAT, MCAT और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी में मदद कर सकता है. यानी छात्रों को इन सभी परीक्षाओं के लिए AI की मदद मिल सकेगी.

कॉलेज छात्रों को मुफ्त AI सब्सक्रिप्शन

Google ने अलग-अलग देशों के कॉलेज छात्रों के लिए अलग-अलग ऑफर भी पेश किए हैं. अमेरिका में पात्र कॉलेज छात्रों को एक साल के लिए Google AI Pro मुफ्त मिलेगा. इसमें Gemini Spark, ज्यादा इस्तेमाल की सीमा और 5TB स्टोरेज जैसी सुविधाएं शामिल हैं.

अमेरिका के बाहर रहने वाले पात्र छात्रों को Google AI Plus मुफ्त दिया जाएगा. इसमें ज्यादा इस्तेमाल की सीमा, 400GB स्टोरेज और Google की दूसरी AI सुविधाएं शामिल हैं. छात्रों को YouTube Premium पर भी खास छूट मिलेगी.

भारतीय छात्रों को क्या मिलेगा?

भारत के पात्र कॉलेज छात्रों को 12 महीने के लिए Google AI Plus मुफ्त मिलेगा. इसमें Gemini Omni, Gemini के इस्तेमाल की दोगुनी सीमा और 400GB स्टोरेज जैसी सुविधाएं दी जाएंगी.

इसके अलावा, विज्ञापन-मुक्त म्यूजिक और वीडियो देखने वाले छात्रों के लिए Google AI Pro और YouTube Premium का बंडल भी पेश किया गया है. इस पर 70 फीसदी तक की छूट मिलने की बात कही गई है.

नया Student Hub और Gemini Deep Research

Google ने छात्रों के लिए नया Student Hub भी शुरू किया है. इसकी मदद से छात्र पढ़ाई के नोट्स, फ्लैशकार्ड, ग्राफ, तस्वीरें और इंटरैक्टिव विजुअल तैयार कर सकेंगे.

Gemini Deep Research में भी नया इंटरैक्टिव फीचर जोड़ा गया है. यह छात्रों की जरूरत के हिसाब से पढ़ाई को तैयार करने में मदद करेगा. इसमें क्विज के जरिए यह पता लगाया जा सकेगा कि छात्र किन विषयों में अच्छे हैं और किन विषयों पर उन्हें ज्यादा मेहनत की जरूरत है.

Google Search और Classroom में भी नए फीचर

Google Search में भी नए AI स्टडी टूल्स जोड़े गए हैं. छात्र मुश्किल विषयों को समझने के लिए इंटरैक्टिव विजुअल बना सकेंगे, प्रोजेक्ट तैयार कर सकेंगे और प्रैक्टिस क्विज दे सकेंगे. Google Lens की मदद से पढ़ाई से जुड़े सवालों और विषयों को समझना भी आसान होगा.

वहीं, Google Classroom में शिक्षकों के लिए नए टूल्स दिए गए हैं. इनकी मदद से शिक्षक छात्रों की जरूरत के हिसाब से पढ़ाई की योजना बना सकेंगे और उनकी प्रगति पर नजर रख सकेंगे. इससे छात्रों को उनकी जरूरत के अनुसार पढ़ाने में मदद मिलेगी.

ये भी पढ़ें- फांसी, इंजेक्शन या गोली... मौत की सजा देने का कौन सा तरीका सबसे खतरनाक? सुप्रीम कोर्ट में उठे सवाल