Google Alert: अगर आप भी स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो तुरंत सावधान हो जाएं. क्योंकि आप पर साइबर अटैक का खतरा मंडरा रहा है. बता दें कि गूगल ने हाल ही में करोड़ों एंड्रॉइड यूजर्स के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. गूगल के मुताबिक, खतरनाक मालवेयर और स्पाईवेयर करोड़ों स्मार्टफोन्स को आसानी से निशाना बना सकते हैं. गूगल ने यूजर्स को सावधानी बरतने की सलाह दी है. साथ ही कंपनी ने इससे बचाव का तरीका भी बताया है.
इस चेतावनी की सबसे बड़ी वजह पुराने Android ऑपरेटिंग सिस्टम हैं. रिपोर्ट्स बताती हैं कि Android 13 या उससे पुराने वर्जन पर चल रहे स्मार्टफोन सबसे ज्यादा खतरे में हैं. हैरानी की बात यह है कि दुनिया में आज भी बड़ी संख्या में लोग ऐसे ही डिवाइस इस्तेमाल कर रहे हैं. अनुमान के मुताबिक करीब 40 प्रतिशत स्मार्टफोन अब भी पुराने Android सिस्टम पर चल रहे हैं, जिनकी संख्या लगभग एक अरब तक पहुंचती है. इन डिवाइसों को अब नियमित सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिलते, जिससे हैकर्स के लिए उनमें सेंध लगाना काफी आसान हो जाता है.
अगर Android वर्जन के हिसाब से स्थिति देखें तो सबसे नया Android 16 अभी बहुत कम यूजर्स तक ही पहुंच पाया है. Android 15 पर भी सीमित संख्या में फोन चल रहे हैं. इसके मुकाबले Android 14 और Android 13 अब भी बड़ी संख्या में इस्तेमाल हो रहे हैं. कुल मिलाकर देखा जाए तो सिर्फ आधे से थोड़ा ज्यादा स्मार्टफोन ही फिलहाल सुरक्षित माने जा सकते हैं, जबकि बाकी डिवाइस संभावित साइबर खतरे के घेरे में हैं.
ऐसे हालात में यूजर्स के लिए सबसे जरूरी कदम यही है कि वे अपने फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम समय पर अपडेट करें. अगर आपका स्मार्टफोन किसी पुराने Android वर्जन पर चल रहा है और उसे अब अपडेट नहीं मिल रहा, तो वह हैकर्स के लिए आसान शिकार बन सकता है. ऐसे फोन में मौजूद निजी जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है, जिसका इस्तेमाल ठगी, ब्लैकमेलिंग या बड़े फ्रॉड में किया जा सकता है.
स्मार्टफोन कंपनियां आमतौर पर सीमित समय तक ही सिक्योरिटी अपडेट देती हैं. ज्यादातर ब्रांड चार से पांच साल तक अपडेट सपोर्ट प्रदान करते हैं, जिसके बाद फोन बदलना ही सुरक्षित विकल्प रह जाता है. हालांकि अब कुछ प्रीमियम कंपनियां, जैसे Samsung और Google, अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन में सात साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही हैं. इसके उलट मिड-रेंज और बजट स्मार्टफोन में यह सपोर्ट आमतौर पर तीन से चार साल तक ही सीमित रहता है.
अगर आप अपने डेटा और प्राइवेसी को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो पुराने स्मार्टफोन को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. समय पर सॉफ्टवेयर अपडेट करना या जरूरत पड़ने पर नया स्मार्टफोन लेना ही बढ़ते साइबर खतरे से बचने का सबसे भरोसेमंद तरीका है.
ये भी पढ़ें: iPhone 17 पर धमाकेदार डिस्काउंट ऑफर! ₹50,000 से भी कम में खरीदने का मौका; कहां मिल रही ये धांसू डील?