8th Pay Commission: लाखों सरकारी कर्मचारी आठवें वेतन आयोग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. यह कब तक लागू किया जाएगा इसे लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन सरकार इसे लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. बता दें कि सरकार ने आठवें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को लॉन्च कर दिया है. जहां लाखों सरकारी कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिल सकते हैं. वेबसाइट के लॉन्च होने के साथ ही 8वें वेतन आयोग ने सरकारी मंत्रालयों, कर्मचारियों और स्टेकहोल्डर्स से सुझाव मांगे है. इसके लिए वेतन आयोग ने MyGov पोर्टल के साथ साझेदारी की है. आप अपने सुझाव वेतन आयोग को दे सकते हैं.
वेतन आयोग ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान पोस्ट किया है, जिसमें कहा गया है कि, 8वां केंद्रीय वेतन आयोग बेहतर जानकारी के लिए विचार/राय/इनपुट मांग रहा है. ये इनपुट MyGov.in वेब पोर्टल पर होस्ट किए गए 18 सवालों वाली प्रश्नावली के जरिए एक व्यवस्थित तरीके से मांगे जा रहे हैं. इस पोस्ट में आगे लिखा है कि, मंत्रालयों, विभागों, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, सरकारी कर्मचारियों, केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारियों, न्यायिक अधिकारियों, अदालतों के अधिकारियों/कर्मचारियों, नियामक निकायों के सदस्यों, सेवारत या सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संघों या यूनियनों, पेंशनभोगियों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और व्यक्तियों से जवाब आमंत्रित किए जाते हैं.
8वें वेतन आयोग की वेबसाइट का URL
यहां आपको आठवें वेतन आयोग की वेबसाइट का यूआरएल दिया गया है https://8cpc.gov.in/. इस पर क्लिक करके आप सीधे आधिकारिक वेबसाइट विजिट कर सकते हैं. जहां वेतन आयोग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है.
वेतन आयोग ने मांग सुझाव
वेतन आयोग द्वारा कर्मचारियों से सुझाव मांगे गए हैं, जिनमें कुल 18 सवालों को शामिल किया गया है. यदि आप भी केंद्रीय कर्मचारी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं तो आप भी वेतन आयोग को अपना सुझाव भेजड सकते हैं. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुझावों देने वालों कर्मचारियों की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा. जानकारी के मुताबिक, यदि आप भी अपना सुझाव भेजना चाहते हैं तो सोमवार, 16 मार्च, 2026 तक भेज सकते हैं. पे कमीशन ने कहा, "सभी जवाब MyGov पोर्टल के जरिए ही दिए जाने चाहिए. पेपर वाले फिजिकल जवाब, ईमेल या PDF जवाब पर कमीशन विचार नहीं करेगा."
उनमें से कुछ सवाल नीचे दिए गए हैं जैसे-
आर्थिक विकास, महंगाई और वित्तीय दबावों को देखते हुए 8वें CPC को कौन सा गाइडिंग फिलॉसफी अपनाना चाहिए?
फिटमेंट फैक्टर को क्या दिखाना चाहिए और क्या हासिल करने का लक्ष्य रखना चाहिए?
सेक्रेटरी जैसे टॉप अधिकारियों की सैलरी कैसे तय की जानी चाहिए?
क्या इंक्रीमेंट एक जैसे होने चाहिए या अलग-अलग पे स्केल के हिसाब से अलग-अलग होने चाहिए?
ऑल इंडिया एनपीएस इंप्लॉई फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- "भारत सरकार के द्वारा 8CPC की वेबसाइट चालू कर दी गई है. तमाम फीचर्स जैसे TOR ऑफिसबियरर्स, CPC गजट, पिछली रिपोर्ट्स आदि शो हो रहे हैं. हम सब कर्मचारियों के लिए ये खुशी की बात है. जल्द बैठकें भी शुरू हो सकती हैं. हम लगातार इसके लिए आवाज उठाते रहे हैं. हमें भरोसा है, पे कमीशन भी जल्द ही मिशन 200 दिन में रिपोर्ट तैयार करने में अपनी मंशा को कर्मचारी हित में जल्द स्पष्ट कर देगा. कल से हम जम्मू से इसके लिए कैंपेन शुरू कर रहे हैं और मध्य प्रदेश के सभी जिलों से इस बाबत माननीय प्रधानमंत्री जी को ज्ञापन भी भेजे जाएंगे."
कहां दे अपना सुझाव?
अगर आप 8वें वेतन आयोग को अपना सुझाव देना चाहते हैं तो आप MyGov पोर्टल पर जाकर अपने सुझाव दे सकते हैं. आप https://www.mygov.in/mygov-survey/8th-central-pay-commission-questionnaire/ इस लिंक पर क्लिक करके भी अपने सुझाव दे सकते हैं. यहां आपको 18 सवाल मिलेंगे, जिनके आपको जवाब देने है.
ये भी पढ़ें: RBI ने छोटे कारोबारियों को दिया बड़ा तोहफा! अब बिना गारंटी मिलेगा 20 लाख तक लोन, कैसे उठाएं लाभ?