FSSAI Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने विभिन्न श्रेणियों के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस भर्ती के जरिए योग्य उम्मीदवारों को देश की प्रमुख खाद्य नियामक संस्था में काम करने का अवसर मिलेगा. खास बात यह है कि इस भर्ती में 12वीं पास उम्मीदवारों से लेकर तकनीकी और प्रबंधन क्षेत्र में उच्च योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं.
भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. FSSAI ने स्पष्ट किया है कि नियुक्तियां प्रतिनियुक्ति और अल्पकालिक अनुबंध के आधार पर की जाएंगी.
कुल 15 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 15 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इनमें जॉइंट डायरेक्टर, मैनेजर (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) और जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. विभिन्न स्तरों के इन पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और अनुभव निर्धारित किया गया है. उम्मीदवार 6 जून 2026 से आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून 2026 निर्धारित की गई है. ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.
जॉइंट डायरेक्टर पद के लिए क्या है पात्रता?
जॉइंट डायरेक्टर पद के लिए वही अधिकारी आवेदन कर सकते हैं जो केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, अनुसंधान संस्थान, सरकारी विश्वविद्यालय, वैधानिक निकाय या स्वायत्त संस्थानों में कार्यरत हों.
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है. इसके अलावा एमबीए, कानून, फूड टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, सार्वजनिक स्वास्थ्य, कृषि विज्ञान, वेटरनरी साइंस या अन्य संबंधित विषयों में योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों को भी पात्र माना जा सकता है. विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है.
मैनेजर (आईटी) पद के लिए मांगी गई ये योग्यता
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में करियर बनाने वाले उम्मीदवारों के लिए भी इस भर्ती में अवसर मौजूद हैं. मैनेजर (आईटी) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास बीटेक, एमटेक, एमसीए या कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े किसी मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा उम्मीदवारों को सेवा संबंधी अन्य आवश्यक शर्तों को भी पूरा करना होगा, जिनका उल्लेख भर्ती अधिसूचना में किया गया है.
जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II के लिए 12वीं पास उम्मीदवार भी पात्र
जिन उम्मीदवारों ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है, उनके लिए जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-II का पद एक अच्छा अवसर साबित हो सकता है. इस पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं या समकक्ष परीक्षा पास होना आवश्यक है. कार्यालयी कार्यों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है. फाइल प्रबंधन, डायरी एवं डिस्पैच कार्य तथा कंप्यूटर टाइपिंग की जानकारी रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जा सकती है.
आयु सीमा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
FSSAI द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रतिनियुक्ति के आधार पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 26 जून 2026 तक 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. आयु की गणना निर्धारित अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी.
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रतिनियुक्ति अथवा विदेशी सेवा (फॉरेन सर्विस) की शर्तों के अनुसार की जाएगी. विभिन्न पदों के लिए प्रारंभिक नियुक्ति अवधि एक वर्ष से लेकर तीन वर्ष तक हो सकती है. हालांकि आवश्यकता और सरकारी नियमों के अनुसार इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है. इसलिए यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो प्रतिष्ठित सरकारी संस्थान में कार्य करने का अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं.
ये हैं जरूरी डेट्स
ये भी पढ़ें: 8000mAh बैटरी, 14GB वर्चुअल रैम... Realme का एक धाकड़ फोन हुआ लॉन्च, जानें कीमत और खासियत