खाद्य उत्पादों पर किए जाने वाले दावों की सच्चाई को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्त रुख अपनाया है. उपभोक्ताओं को सही और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियामक ने तीन प्रमुख कंपनियों लोटे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स और कुबेरा फूड्स को नोटिस जारी किया है. इन कंपनियों पर भ्रामक दावों और लेबलिंग मानकों के उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं. FSSAI ने सभी कंपनियों से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है कि उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए.
सात दिन में देना होगा जवाब
एफएसएसएआई द्वारा जारी नोटिस में कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे सात दिनों के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करें. यदि कंपनियां संतोषजनक जवाब देने में असफल रहती हैं, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है.
Lotte India पर क्या-क्या मिलीं कमियां?
एफएसएसएआई ने लोटे इंडिया के विभिन्न उत्पादों और उनकी लेबलिंग की जांच के दौरान कई तरह की कमियां पाई हैं. नियामक के अनुसार, कंपनी ने पूर्व अनुमति लिए बिना पुराने नाम Lotte India Corporation Limited वाले ऐसे पूर्व-मुद्रित लेबल का इस्तेमाल किया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे.
इसके अलावा, Lotte Choco Pie with Rich Marshmallow, Lotte Choco Pie Real Orange और Lotte Choco Pie Choco Burst पर "100 प्रतिशत शाकाहारी" होने का दावा किया गया है, जिसे FSSAI ने भ्रामक पाया है.
विटामिन संबंधी दावा भी मानकों पर खरा नहीं उतरा
एफएसएसएआई ने लोटे इंडिया के एक अन्य उत्पाद Lali Bliss Lalipar (ऑरेंज, स्ट्रॉबेरी और कच्चा आम फ्लेवर) की भी जांच की. नियामक के मुताबिक, इस उत्पाद में मौजूद विटामिन का स्तर FSS (विज्ञापन एवं दावे) विनियमों के प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाया गया. इसी आधार पर कंपनी से जवाब मांगा गया है.
Kubera Foods के '100% Natural' दावे पर भी सवाल
कुबेरा फूड्स के मामले में भी एफएसएसएआई ने गंभीर आपत्ति जताई है. नियामक ने कंपनी के Soft and Fresh Cream Bun Pineapple उत्पाद पर किए गए दावों को भ्रामक बताते हुए नोटिस जारी किया है. एफएसएसएआई के अनुसार, उत्पाद के सामने वाले हिस्से पर "100 प्रतिशत प्राकृतिक" और "कोई रंग एवं फ्लेवर नहीं" जैसे दावे किए गए हैं, जबकि उसी उत्पाद के लेबल पर परिरक्षक, कृत्रिम खाद्य रंग और मिलाए गए फ्लेवरिंग पदार्थों का उल्लेख किया गया है. इसी विरोधाभास को लेकर कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
Ferns N Petals को भी भेजा गया नोटिस
फर्न्स एन पेटल्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी एफएसएसएआई ने कार्रवाई की है. नियामक ने कंपनी के Roasted Almond Chocolate नामक उत्पाद की लेबलिंग और उस पर किए गए दावों को लेकर नोटिस जारी किया है. एफएसएसएआई का कहना है कि उत्पाद के सामने वाले हिस्से पर "प्रीमियम चॉकलेट" जैसे भ्रामक दावे किए गए हैं, जबकि उत्पाद में हाइड्रोजनीकृत वनस्पति वसा मौजूद है. इसी वजह से कंपनी से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है.
ये भी पढ़ें: PF खाताधारकों की हुई बल्ले-बल्ले! अकाउंट में ट्रांसफर हो रहा 8.25% ब्याज, यहां जानिए पूरी जानकारी