Cyprus Boat Accident: नॉर्थ साइप्रस के तट से रवाना होने के कुछ देर बाद रविवार दोपहर करीब 270 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री फेरी पलट गई. हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया. अभी तक किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, राहत और बचाव दल लगातार यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं.
कायरिनिया से तुर्की जा रही थी फेरी
यह कैटामरन स्टाइल की फेरी नॉर्थ साइप्रस के कायरिनिया बंदरगाह से तुर्की के मेर्सिन प्रांत में स्थित तासुकु बंदरगाह की ओर जा रही थी. यह इलाका साइप्रस के राजनीतिक रूप से बंटे हुए उत्तरी हिस्से में आता है.
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, तट से करीब चार मील दूर पहुंचने के बाद फेरी में अचानक पानी भरना शुरू हो गया. इसके बाद जहाज पलट गया. घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर एंबुलेंस और बचाव दल भेजे गए.
🚨 BREAKING: Passenger ferry sinking off the coast of Northern Cyprus
— NEXTA (@nexta_tv) August 30, 2026
There are 279 people on board. Turkish media report that some passengers have been injured.
People are awaiting rescue on the overturned ferry, which was heading to the Turkish port of Taşucu 🇹🇷
Coast guard… pic.twitter.com/XwgpXiga9q
100 से ज्यादा लोगों को बचाया गया
नॉर्थ साइप्रस के परिवहन मंत्री एरहान अरिकली ने तुर्की के सरकारी समाचार चैनल को बताया कि फेरी पलट गई है और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक 100 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित निकालकर कायरिनिया लाया गया है. बाकी यात्रियों की तलाश और बचाव का काम अभी जारी है.
मंत्री ने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि फेरी में पानी किस वजह से भरा. कायरिनिया और तासुकु के बीच फेरी सेवा एक व्यस्त समुद्री मार्ग है और कई कंपनियां इस रास्ते पर जहाज चलाती हैं. हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि हादसे का शिकार हुई फेरी किस कंपनी की थी.
लाइफ जैकेट पहनकर पानी में तैरते दिखे यात्री
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में पलटी हुई फेरी के आसपास कुछ लोग पानी में तैरते दिखाई दे रहे हैं. कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी. बचाव दल नावों और दूसरी मदद के जरिए यात्रियों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं. नॉर्थ साइप्रस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी कहा है कि बचाव और स्वास्थ्य सेवाओं की ओर से तुरंत मदद पहुंचाने के लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं.
ट्यूनीशिया में भी प्रवासियों की नाव पलटी
इसी बीच ट्यूनीशिया के दक्षिणी तट के पास भी प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के पलटने की घटना सामने आई है. ट्यूनीशिया के नेशनल गार्ड के मुताबिक, हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं. एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है.
अधिकारियों ने दो शव बरामद किए हैं, जिन्हें पास के जेरबा द्वीप के अस्पताल भेजा गया. अधिकारियों के मुताबिक, नाव जारजिस और बेन गुएड्रेन शहरों के बीच से रवाना हुई थी और उस पर करीब 15 लोग सवार थे.
ये भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ से बैंकिंग सिस्टम पर संकट, 11 बैंकों की 17 शाखाएं तबाह, पानी में बह गए अरबों रुपये!