Faisal Shinozada: अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज फैसल शिनोजादा ने भारतीय टीम के खिलाफ शानदार शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. दबाव भरे इस बड़े मुकाबले में उन्होंने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों को जमकर निशाना बनाया. यह इस टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा शतक रहा, जिसने उन्हें प्रतियोगिता के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.
फैसल शिनोजादा की कहानी उन्हें और भी खास बनाती है. उनका जन्म 29 फरवरी 2008 को काबुल में हुआ था. लीप ईयर पर जन्म लेने के कारण वे तकनीकी रूप से चार साल में एक बार ही अपना असली जन्मदिन मना पाते हैं. महज 17 साल की उम्र में उन्होंने जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय स्तर के युवा टूर्नामेंट में प्रदर्शन किया है, वह उनकी मानसिक मजबूती और क्रिकेटिंग परिपक्वता को दर्शाता है.
𝐎𝐧𝐞 𝐟𝐨𝐫 𝐭𝐡𝐞 𝐀𝐠𝐞𝐬! 💯🔥
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) February 4, 2026
A memorable batting performance from Faisal Khan Shinwazada. 👏👏#FutureStars | #AFGvIND | #U19WorldCup pic.twitter.com/iufrbmqd6G
मुश्किल हालात में संभाली अफगानिस्तान की पारी
सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम 53 रन पर पहला विकेट गंवा चुकी थी. ऐसे में तीसरे नंबर पर उतरे शिनोजादा ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और पारी को संभाला. उन्होंने उस्मान सादत के साथ दूसरे विकेट के लिए 71 गेंदों में 64 रन जोड़े. इसके बाद उजैरुल्ला नियाजई के साथ तीसरे विकेट के लिए 130 गेंदों में 148 रन की बड़ी साझेदारी की. इन साझेदारियों ने अफगानिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
93 गेंदों में 110 रन, 15 चौकों से सजी पारी
फैसल शिनोजादा ने 93 गेंदों पर 110 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल थे. उनकी बल्लेबाजी में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला. उन्होंने जरूरत पड़ने पर स्ट्राइक रोटेट की और मौका मिलने पर बड़े शॉट्स भी लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत अफगानिस्तान ने 4 विकेट पर 310 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे सफल बल्लेबाज
पूरे टूर्नामेंट में फैसल शिनोजादा का बल्ला जमकर बोला है. अब तक खेले गए 6 मैचों में उन्होंने कुल 435 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके नाम दो शतक और दो अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं. उन्होंने 52 चौके और पांच छक्के लगाए हैं और एक मुकाबले में नाबाद भी लौटे हैं. इस प्रदर्शन के साथ वह टूर्नामेंट के टॉप रन-स्कोरर बन गए हैं. उनके बाद इंग्लैंड के बेन मायर्स 399 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
आयरलैंड के खिलाफ खेली थी रिकॉर्डतोड़ 163 रन की पारी
सेमीफाइनल से पहले शिनोजादा सुपर सिक्स राउंड में आयरलैंड के खिलाफ 163 रन की ऐतिहासिक पारी खेल चुके थे. महज 142 गेंदों में खेली गई इस पारी ने उन्हें यूथ वनडे क्रिकेट के रिकॉर्ड्स में खास जगह दिलाई. इस दौरान उन्होंने शुभमन गिल और क्विंटन डी कॉक के पुराने रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया था और सबसे ज्यादा यूथ वनडे शतकों के मामले में उन्मुक्त चंद की बराबरी कर ली थी.
भविष्य के सुपरस्टार की झलक
अभी अपने करियर की शुरुआत कर रहे फैसल शिनोजादा ने टी20 फॉर्मेट में भी कदम रख दिया है और अब तक तीन टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप में उनका निरंतर शानदार प्रदर्शन यह संकेत देता है कि अफगानिस्तान क्रिकेट को आने वाले वर्षों में एक और बड़ा बल्लेबाज मिलने वाला है. जिस आत्मविश्वास और तकनीक के साथ वह बड़े मुकाबलों में खेल रहे हैं, उससे साफ है कि उनका नाम भविष्य में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सुनाई देगा.
ये भी पढ़ें- एक-दो मुल्कों के गैंगस्टर भी... क्या कपिल शर्मा ने लॉरेंस बिश्नोई पर कसा तंज? फिर एडिट करने की लगाई गुहार