England vs Pakistan Test Series: इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली है. लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को चौथे दिन 194 रन से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. खास बात यह है कि इंग्लैंड ने दिसंबर 2024 के बाद पहली बार कोई टेस्ट सीरीज जीती है. दूसरी ओर, पाकिस्तान की बल्लेबाजी ने एक बार फिर निराश किया और टीम दूसरी पारी में भी 200 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी.
389 रन के लक्ष्य के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी ढेर
लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी 177 रन से आगे शुरू की. टीम के तीन विकेट बाकी थे, लेकिन मोहम्मद अब्बास ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहले ही सेशन में दो विकेट हासिल कर इंग्लैंड की पारी 208 रन पर समेट दी. अब्बास ने इस पारी में पांच विकेट पूरे किए और इंग्लैंड की धरती पर पहली बार टेस्ट पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. मैच में उनके कुल नौ विकेट हो गए. इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 389 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.
बाबर आजम समेत पाकिस्तान की बैटिंग फिर रही नाकाम
389 रन का लक्ष्य पाकिस्तान के लिए बेहद मुश्किल था, लेकिन टीम से कम से कम संघर्ष की उम्मीद जरूर थी. हालांकि पाकिस्तानी बल्लेबाज एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. कप्तान बाबर आजम भी जोफ्रा आर्चर की तेज बाउंसर का शिकार होकर सस्ते में पवेलियन लौट गए. इसके बाद भी टीम के बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके.
सऊद शकील ने एक छोर संभालते हुए शानदार संघर्ष किया. लगातार खराब प्रदर्शन के कारण दबाव में चल रहे शकील ने मुश्किल हालात में 97 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. हालांकि वह शतक से सिर्फ तीन रन दूर रह गए और पाकिस्तान को हार से नहीं बचा सके. पूरी टीम 194 रन पर ऑलआउट हो गई. इंग्लैंड की ओर से ओली रॉबिन्सन ने चार विकेट झटके, जबकि जोश टंग को तीन और जोफ्रा आर्चर को दो विकेट मिले.
72 साल बाद पाकिस्तान के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड
लॉर्ड्स टेस्ट में हार के साथ पाकिस्तान ने टेस्ट क्रिकेट में एक बेहद निराशाजनक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इस सीरीज के पहले दो टेस्ट में पाकिस्तान ने चार पारियों में बल्लेबाजी की और किसी भी पारी में 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका. लीड्स टेस्ट में पाकिस्तान की टीम 171 और 139 रन पर सिमट गई थी, जबकि लॉर्ड्स में पहली पारी में 110 और दूसरी पारी में 194 रन ही बना सकी. 1954 के बाद यह पहला मौका है जब पाकिस्तान किसी टेस्ट सीरीज में लगातार चार पारियों के दौरान 200 रन का आंकड़ा पार करने में नाकाम रहा है. यानी करीब 72 साल बाद पाकिस्तानी टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी का ऐसा खराब दौर देखने को मिला है.
इंग्लैंड ने लंबे इंतजार के बाद जीती टेस्ट सीरीज
इंग्लैंड के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि टीम ने दिसंबर 2024 के बाद पहली बार टेस्ट सीरीज अपने नाम की है. शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है. अब तीसरा टेस्ट पाकिस्तान के लिए सम्मान बचाने का मौका होगा, जबकि इंग्लैंड की नजरें सीरीज को 3-0 से खत्म करने पर होंगी.
ये भी पढ़ें- दलीप ट्रॉफी में मोहम्मद शमी का ऐतिहासिक कमाल, 2 विकेट लेते ही हासिल किया बड़ा मुकाम