जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों पर जल्द होंगे उपचुनाव, चुनाव आयोग ने तारीखों का किया ऐलान

Jammu kashmir Rajya Sabha Byelection: करीब तीन साल से खाली पड़ी जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों पर आखिरकार चुनाव की घोषणा हो गई है. बुधवार को चुनाव आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि इन सीटों पर 24 अक्टूबर को मतदान और मतगणना एक ही दिन में संपन्न करा ली जाएगी.

Elections for four Rajya Sabha seats in Jammu and Kashmir Election Commission announced
Image Source: ANI/ File

Jammu kashmir Rajya Sabha Byelection: करीब तीन साल से खाली पड़ी जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों पर आखिरकार चुनाव की घोषणा हो गई है. बुधवार को चुनाव आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि इन सीटों पर 24 अक्टूबर को मतदान और मतगणना एक ही दिन में संपन्न करा ली जाएगी.

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर की ये सभी सीटें फरवरी 2021 से खाली हैं, और इस दौरान कई बार इन सीटों पर चुनाव कराए जाने की अटकलें लगाई जाती रही थीं. अब जब चुनाव की तारीख तय हो गई है, तो राज्य की राजनीतिक हलचल भी तेज़ होती दिखाई दे रही है.

पंजाब की एक सीट पर भी होगा उपचुनाव

चुनाव आयोग ने केवल जम्मू-कश्मीर ही नहीं, बल्कि पंजाब की एक राज्यसभा सीट के लिए भी उपचुनाव की घोषणा की है. यह सीट आप नेता संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिन्होंने पंजाब विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा से त्यागपत्र दे दिया था.

कब-कब खाली हुईं थीं ये सीटें?

जम्मू-कश्मीर की जिन चार राज्यसभा सीटों के लिए अब चुनाव होंगे, वे फरवरी 2021 में खाली हुई थीं. गुलाम नबी आज़ाद और नज़ीर अहमद लवाय का कार्यकाल 15 फरवरी 2021 को समाप्त हुआ था. वहीं फैयाज अहमद मीर और शमशेर सिंह मन्हास का कार्यकाल 10 फरवरी 2021 को पूरा हुआ था.

नामांकन और मतदान की पूरी समयसीमा

चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार:

  • चुनाव की अधिसूचना: 6 अक्टूबर 2025
  • नामांकन की अंतिम तारीख: 13 अक्टूबर 2025
  • नामांकन पत्रों की जांच: 14 अक्टूबर
  • नाम वापसी की आखिरी तारीख: 16 अक्टूबर

मतदान 24 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा. इसके बाद मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी.

जम्मू-कश्मीर में फिर से राजनीतिक हलचल

चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जम्मू-कश्मीर की राजनीति में नई जान आ गई है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस लंबे अंतराल के बाद राज्यसभा में किन चेहरों की वापसी होती है और कौन से नए नेता उभरते हैं.

यह भी पढ़ें- आयुर्वेद और होम्योपैथिक पर GST कितना कम हुआ? भारत 24 के मंच से दया शंकर मिश्रा ने दिया जवाब