सोशल मीडिया के दौर में लोकप्रियता पाने की होड़ अब एक खतरनाक मोड़ ले चुकी है. लाइक्स, व्यूज़ और वायरल होने की चाहत ने कई लोगों को ऐसी हरकतें करने पर मजबूर कर दिया है, जो न केवल हैरान करती हैं बल्कि इंसानियत पर भी सवाल खड़े करती हैं. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला बेंगलुरु से सामने आया है, जहां एक परिवार ने महज एक रील बनाने के लिए अपने ही बुजुर्ग पिता की जान जोखिम में डाल दी.
शक के घेरे में आया बड़ा पार्सल
यह घटना मंगलवार की है, जब व्यालिकावल थाना क्षेत्र के एक कूरियर कार्यालय में एक परिवार बड़ा सा पार्सल लेकर पहुंचा. पार्सल का आकार असामान्य रूप से बड़ा था, जिसे देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों को शक हुआ. उन्होंने परिवार से कई बार पूछा कि पैकेट के अंदर क्या है, लेकिन किसी ने भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया. परिवार के टालमटोल भरे रवैये ने कर्मचारियों की शंका को और गहरा कर दिया.
पैकेट खुलते ही उड़ गए होश
आखिरकार कर्मचारियों ने जोखिम उठाते हुए पार्सल खोलने का फैसला किया. जैसे ही बैग खोला गया, वहां मौजूद हर व्यक्ति के होश उड़ गए. बैग के अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति को बुरी तरह ठूंसा गया था, जो सांस लेने के लिए संघर्ष कर रहे थे. तुरंत उन्हें बाहर निकाला गया और स्थिति संभाली गई. बाद में पता चला कि वह बुजुर्ग उस महिला के पिता ही थे, जो पार्सल बुक कराने आई थी.
अजीबोगरीब तर्क ने बढ़ाई हैरानी
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब परिवार ने अपनी इस हरकत को सही ठहराने की कोशिश की. उनका कहना था कि वे उगादी और रमजान जैसे त्योहारों के दौरान बस टिकट न मिलने की समस्या को दिखाना चाहते थे. उनका मकसद एक ऐसी रील बनाना था, जो यह संदेश दे सके कि जब टिकट नहीं मिलती, तो इंसानों को भी कूरियर करने की नौबत आ जाती है. हैरानी की बात यह रही कि कर्मचारियों के विरोध के बावजूद परिवार अपने फैसले पर अड़ा रहा.
पुलिस की एंट्री और चेतावनी
मामला गंभीर होता देख कूरियर कार्यालय के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और परिवार के सभी सदस्यों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पूछताछ के दौरान परिवार ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी. इसके बाद पुलिस ने एक चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में ऐसी खतरनाक हरकत न करने की सख्त हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: शादी के 10 महीने बाद ही खत्म हुई जिंदगी... तेलंगाना में प्रेग्नेंट यूट्यूबर की हत्या, पति गिरफ्तार