कौन हैं यश डबास? जो बने DUSU के नए अध्यक्ष, इंटरनेशनल लेवल पर खेल चुके हैं टेबल टेनिस

Who is Yash Dabas: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास ने जीत दर्ज की है. उन्होंने कड़े मुकाबले में एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 2,053 वोटों के अंतर से हराया.

dusu-president-yash-dabas-profile-education-tennis-student-politics
Image Source: ANI

Who is Yash Dabas: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास ने जीत दर्ज की है. उन्होंने कड़े मुकाबले में एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 2,053 वोटों के अंतर से हराया. डबास को 24,576 वोट मिले, जबकि विजय शंकर मीणा के खाते में 22,523 वोट आए. मतगणना के दौरान दोनों उम्मीदवारों के बीच कई राउंड तक मुकाबला करीबी रहा, लेकिन अंतिम नतीजे में डबास अध्यक्ष पद हासिल करने में सफल रहे. इस चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष के साथ सचिव और संयुक्त सचिव पद भी जीते.

कंझावला से डीयू की छात्र राजनीति तक का सफर

यश डबास दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके के कंझावला से आते हैं और करीब छह साल से छात्र गतिविधियों से जुड़े रहे हैं. छात्र राजनीति के साथ उनकी पहचान एक खिलाड़ी के तौर पर भी रही है. डबास ने दिल्ली यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व ऑल इंडिया और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में किया है. इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया, स्पेन और सर्बिया में आयोजित इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) टूर्नामेंट में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

SGTB खालसा से लॉ और बुद्धिस्ट स्टडीज तक पढ़ाई

शिक्षा की बात करें तो डबास ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री गुरु तेग बहादुर सिंह (SGTB) खालसा कॉलेज से अंडरग्रेजुएट पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने डीयू के फैकल्टी ऑफ लॉ स्थित कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की, जहां छात्रों के अधिकारों और उनसे जुड़े मुद्दों पर उनका फोकस रहा. उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बुद्धिस्ट स्टडीज में मास्टर डिग्री भी हासिल की है. उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, इस दौरान उनमें धैर्य, सहानुभूति और सेवा से जुड़े विचारों में रुचि विकसित हुई.

छात्र सुरक्षा से लेकर किफायती आवास तक एजेंडा

छात्रों से जुड़े मुद्दों की बात करें तो डबास ने महिला सुरक्षा और कैंपस की बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई प्रस्ताव रखे हैं. उन्होंने कॉलेजों और महिला हॉस्टलों के बाहर ‘पिंक बूथ’ बनाने तथा 1,000 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाने की बात कही थी. इसके अलावा उन्होंने छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की जरूरत पर भी जोर दिया. अब DUSU अध्यक्ष के रूप में उनके सामने इन मुद्दों को लेकर किए गए वादों और प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी.

ये भी पढ़ें: DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिर्सिटी चुनाव में ABVP की फिर बड़ी जीत, NSUI का सुपड़ा साफ