DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026-27 के नतीजों में ABVP ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन के खाते में गया. अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह विजयी रहे. उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल की.
अध्यक्ष पद पर रहा कांटे का मुकाबला
इस बार DUSU चुनाव में ABVP और NSUI के बीच कई राउंड तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला और अध्यक्ष पद की रेस में दोनों उम्मीदवारों के बीच वोटों का अंतर लगातार बदलता रहा. वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बढ़त बनाए रखी और आखिरकार जीत दर्ज की. चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में थे.
52 केंद्रों पर 40.46 फीसदी हुआ मतदान
DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए थे. इस दौरान कुल 40.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा रहा. नियमित कॉलेजों में सुबह और सांध्य कॉलेजों में दोपहर से शाम तक मतदान कराया गया था. इसके बाद शनिवार को मतगणना शुरू हुई और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच चारों केंद्रीय पदों के नतीजे घोषित किए गए.
ये भी पढ़ें: रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल... पर्यावरण संरक्षण पर PM मोदी का बड़ा संदेश, प्लास्टिक कचरे को बताया चुनौती