DRDO Recruitment 2026: आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए रक्षा क्षेत्र में करियर की शुरुआत करने का शानदार मौका सामने आया है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की चेन्नई स्थित प्रमुख प्रयोगशाला कॉम्बैट व्हीकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (CVRDE) ने आईटीआई अप्रेंटिसशिप के लिए भर्ती निकाली है. इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा से नहीं गुजरना होगा, बल्कि चयन वॉक-इन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा.
93 पदों पर होगी भर्ती, सितंबर में इंटरव्यू
CVRDE की इस अप्रेंटिसशिप भर्ती के तहत कुल 93 सीटों पर उम्मीदवारों को ट्रेनिंग का मौका मिलेगा. वॉक-इन इंटरव्यू 8 और 9 सितंबर 2026 को चेन्नई के आवडी स्थित CVRDE परिसर में आयोजित किया जाएगा. उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच निर्धारित स्थान पर अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा. यानी इच्छुक अभ्यर्थियों के पास आवेदन प्रक्रिया के बजाय सीधे इंटरव्यू के जरिए अवसर हासिल करने का मौका है.
18 ट्रेड्स में आईटीआई युवाओं को मौका
इस भर्ती में कुल 18 अलग-अलग ट्रेड्स को शामिल किया गया है. इनमें COPA के 13, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल के 10, इलेक्ट्रीशियन के 12, फिटर के 10, मोटर व्हीकल मैकेनिक के 8 और मशीनिस्ट के 5 पद हैं. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के 6, टर्नर के 5, वेल्डर के 5, फोटोग्राफर के 4, प्लंबर के 3, CAD-CAM ऑपरेटर कम प्रोग्रामर के 3, फूड प्रोडक्शन के 3 और बुक बाइंडर के 2 पद हैं. पेंटर, शीट मेटल वर्कर, कंप्यूटर नेटवर्किंग टेक्नीशियन और कंप्यूटर एंड पेरिफेरल्स हार्डवेयर रिपेयर एंड मेंटेनेंस मैकेनिक के लिए भी पद निर्धारित किए गए हैं.
ट्रेनिंग के दौरान हर महीने मिलेगा स्टाइपेंड
अप्रेंटिस के तौर पर चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग अवधि में मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा. ज्यादातर ट्रेड्स के लिए स्टाइपेंड करीब 11,040 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है. वहीं COPA, पेंटर, वेल्डर, कंप्यूटर नेटवर्किंग टेक्नीशियन, कंप्यूटर एंड पेरिफेरल्स हार्डवेयर रिपेयर मैकेनिक और CAD-CAM ऑपरेटर कम प्रोग्रामर जैसे ट्रेड्स के लिए करीब 10,560 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा.
2023 से 2026 तक पास ITI उम्मीदवार ही पात्र
इस अप्रेंटिसशिप के लिए उम्मीदवार का संबंधित ट्रेड में NCVT या ACVT से मान्यता प्राप्त संस्थान का आईटीआई प्रमाण पत्र होना जरूरी है. ज्यादातर ट्रेड्स में आईटीआई कोर्स की अवधि कम से कम दो साल होनी चाहिए, जबकि कुछ ट्रेड्स को इस नियम से छूट दी गई है. इसके अलावा केवल वे उम्मीदवार पात्र होंगे, जिन्होंने 2023, 2024, 2025 या 2026 में आईटीआई परीक्षा पास की है. इससे पहले पास करने वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे. अभ्यर्थियों के लिए NCVT-ACVT MIS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन भी अनिवार्य है.
ITI अंकों से शॉर्टलिस्टिंग, फिर वॉक-इन इंटरव्यू
चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों के आईटीआई परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर पहले शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी. शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा. सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को CVRDE, आवडी में उसी दिन जॉइनिंग लेटर दिए जाने की भी जानकारी दी गई है.
इंटरव्यू में ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति और आवश्यक प्रतियां लेकर जाना होगा. इनमें 10वीं या 12वीं की मार्कशीट, आईटीआई मार्कशीट, NCVT/ACVT प्रमाण पत्र, लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड शामिल हैं. ऐसे में रक्षा क्षेत्र में अप्रेंटिसशिप का अनुभव हासिल करने के इच्छुक आईटीआई पास युवाओं के लिए यह अवसर खास हो सकता है.
ये भी पढ़ें: IBPS RRB में 13 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती, योग्यता से लेकर सैलरी तक... यहां जानें सबकुछ