Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है. फिल्म ने पहले ही दिन ऐसी कमाई की है, जिसने हिंदी सिनेमा में नया इतिहास बना दिया है. पेड प्रिव्यू और जबरदस्त क्रेज के दम पर इस फिल्म ने उन रिकॉर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया, जो अब तक अटूट माने जा रहे थे.
पेड प्रिव्यू से ही दिखा तूफान
फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले यानी बुधवार शाम को चुनिंदा सिनेमाघरों में पेड प्रिव्यू रखे गए थे. इन शोज में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली और फिल्म ने सिर्फ प्रिव्यू के जरिए ही करीब 43 करोड़ रुपये कमा लिए.
यह आंकड़ा अपने आप में रिकॉर्ड है, क्योंकि इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘स्त्री 2’ के नाम था, जिसने करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई की थी. ‘धुरंधर 2’ ने इस रिकॉर्ड को चार गुना से ज्यादा अंतर से तोड़ दिया.
पहले दिन 100 करोड़ के पार
पेड प्रिव्यू से मिली शानदार शुरुआत का सीधा फायदा फिल्म को ओपनिंग डे पर मिला. गुरुवार को रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रफ्तार पकड़ी और घरेलू बाजार में करीब 103 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली.
अगर इसमें प्रिव्यू की कमाई भी जोड़ दी जाए, तो फिल्म का कुल ओपनिंग कलेक्शन लगभग 146 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. यह किसी भी हिंदी फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है.
बॉलीवुड में बना नया इतिहास
‘धुरंधर 2’ अब हिंदी सिनेमा की पहली ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने एक ही दिन में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है. यह उपलब्धि पहले किसी भी बॉलीवुड फिल्म को हासिल नहीं हुई थी.
फिल्म को हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं में भी रिलीज किया गया है. तेलुगु और तमिल वर्जन को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जबकि मलयालम और कन्नड़ वर्जन की शुरुआत थोड़ी धीमी रही है.
इन फिल्मों के टूटे रिकॉर्ड
‘धुरंधर 2’ ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के ओपनिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. 146 करोड़ की ओपनिंग के साथ इस फिल्म ने ‘स्त्री 2’, ‘पठान’, ‘एनिमल’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं.
सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि इंडियन सिनेमा के स्तर पर भी इस फिल्म की शुरुआत बेहद बड़ी मानी जा रही है. इसने ‘बाहुबली 2’ और ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों की ओपनिंग को भी पीछे छोड़ दिया है और अब यह देश की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन चुकी है.
स्टारकास्ट और निर्देशन
इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है. फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कई बड़े कलाकार नजर आ रहे हैं.
‘धुरंधर’ का पहला पार्ट पहले ही सुपरहिट साबित हो चुका है और दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर चुका है. यही वजह है कि इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
ये भी पढ़ें- F-35, F-15, से ड्रोन तक... ईरान के साथ जंग में अमेरिका को भारी नुकसान, तबाह हुए 16 मिलिट्री जेट्स